आगरा: उत्तर प्रदेश के ताजनगरी स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज (SNMC) ने सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है। संस्थान में 10 अक्टूबर को दूसरा सफल किडनी प्रत्यारोपण (Kidney Transplant) पूरी तरह कामयाब रहा। इस जटिल और जीवनरक्षक सर्जरी में 24 वर्षीय युवा दीपक को उनके पिता राजवीर ने अपनी किडनी दान कर नया जीवनदान दिया है। चिकित्सकों के अनुसार, प्रत्यारोपण के बाद पिता और पुत्र दोनों की सेहत पूरी तरह दुरुस्त है और शरीर में प्रत्यारोपित किडनी (ग्राफ्ट) भी सुचारू रूप से कार्य कर रही है।
पिता-पुत्र के बीच अटूट रिश्ते और अंगदान की मिसाल
इस सफल प्रत्यारोपण की सबसे बड़ी विशेषता पिता और पुत्र के बीच का वह भावनात्मक रिश्ता और अटूट विश्वास रहा, जब पिता राजवीर ने बिना किसी संकोच के अपने बेटे को बचाने के लिए अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया। चिकित्सकीय भाषा में यह एक ‘एबीओ-कंपैटिबल’ (ABO-compatible) ट्रांसप्लांट था, जिसमें दोनों के रक्त समूह की अनुकूलता को जांचने के बाद बेहद सावधानी से यह प्रक्रिया पूरी की गई। सफल सर्जरी के बाद से ही डोनर पिता और किडनी प्राप्त करने वाले युवा दीपक दोनों डॉक्टरों की निगरानी में तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने दी बधाई, चार टीमों का रहा संयुक्त योगदान
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इस बड़ी उपलब्धि पर पूरी मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए बेहद गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि इस जटिल ट्रांसप्लांट में नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल के यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत गोयल के बहुमूल्य मार्गदर्शन और एसएनएमसी की विशेषज्ञ टीमों के समन्वित प्रयासों का अहम योगदान रहा।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने में चार प्रमुख विभागों की संयुक्त टीमों ने दिन-रात मेहनत की जिनमे ट्रांसप्लांट नेफ्रोलॉजी टीम से डॉ. अपूर्व जैन, डॉ. मुदित खुराना, डॉ. कैरवी भारद्वाज और नेफ्रोलॉजी विभाग के सभी सीनियर रेजिडेंट्स। ट्रांसप्लांट यूरोलॉजी टीम से डॉ. प्रशांत लवानिया, लीड ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अभिषेक पाठक, डॉ. विजय त्यागी, डॉ. अंकुश गुप्ता, डॉ. प्रदीप देब और यूरोलॉजी विभाग के जूनियर रेजिडेंट्स। ट्रांसप्लांट एनेस्थीसिया टीम से प्रोफेसर डॉ. अपूर्व मित्तल, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अमृता गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रवीण पांडे, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रभा और एनेस्थीसिया टीम के जूनियर रेजिडेंट्स और समन्वय और नर्सिंग टीम में ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर प्रदीप त्यागी, केटीयू (KTU) नर्सिंग टीम और ऑपरेशन थिएटर (OT) के सभी नर्सिंग स्टाफ शामिल रहे।
आम जनता को मिलेंगी उच्चस्तरीय सुपर-स्पेशियलिटी सुविधाएं
एसएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आगरा और आसपास के अंचल के मरीजों को किफायती, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है। इस दूसरी सफल किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े महानगरों की ओर भागने की आवश्यकता कम हो रही है, और सरकारी चिकित्सा संस्थानों में भी अत्याधुनिक इलाज सफलतापूर्वक संभव है।