October 11, 2026

बेतिया: देवरानी की बकरी खा गई थी रोटी, गुस्से में हैवान बनी जेठानी... महिला की पीट-पीटकर कर दी हत्या

बेतिया: देवरानी की बकरी खा गई थी रोटी, गुस्से में हैवान बनी जेठानी… महिला की पीट-पीटकर कर दी हत्या

बकरी को लेकर हुआ था विवाद

Bettiah News: बिहार के बेतिया जिले में हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बकरी द्वारा रोटी खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया. दरअसल, रामनगर थाना क्षेत्र के जबका गांव में शनिवार रात दो महिलाओं के बीच विवाद के बाद 35 वर्षीय महिला गायत्री उर्फ रमिता देवी की मौत हो गई. आरोप है कि उसकी जेठानी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट की, जिससे उसकी जान चली गई. घटना के बाद से आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात रमिता देवी की बकरी उसकी जेठानी के घर में घुस गई थी. वहां बकरी ने रोटी खा ली. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुआ. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि जेठानी और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने रमिता देवी के साथ मारपीट की. घटना में महिला की मौत हो गई. मामूली विवाद में महिला की जान चली गई. इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं.

चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

रमिता देवी चार बच्चों की मां थी. उसके तीन बेटियां और एक बेटा है. घटना के समय उसका पति महेश चौधरी मजदूरी करने के लिए घर से बाहर था. पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर वह घर पहुंचा. परिवार में अचानक हुई इस घटना के बाद बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है. रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. थानाध्यक्ष के अनुसार, इस मामले में आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी.

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button