October 11, 2026

केस से नाम हटाने के लिए दारोगा की अजीब डिमांड, मांगे गाय-कुत्ता और फर्नीचर... घूसखोरी का ऑडियो लीक

Prayagraj/Hisar News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट में तैनात एक दारोगा की अजीबो-गरीब घूसखोरी का मामला सामने आया है. प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दर्ज एक आपराधिक मुकदमे से नाम बाहर निकालने की एवज में दारोगा पर दो गाय, एक जर्मन शेफर्ड कुत्ता, मेज-कुर्सी का फर्नीचर और ऑनलाइन रुपयों की मांग करने का गंभीर आरोप लगा है. हरियाणा के हिसार में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शिकायत, ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट के विश्लेषण के बाद प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर दारोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला प्रयागराज के नवाबगंज थाने में 2 सितंबर 2023 को दर्ज मुकदमा संख्या 393 से जुड़ा हुआ है. धोखाधड़ी, जालसाजी की धाराओं के तहत दर्ज इस मुकदमे में यूपी एसटीएफ के दारोगा रणेंद्र कुमार सिंह स्वयं वादी हैं. हरियाणा के हिसार जिले के ब्यानाखेड़ा गांव निवासी मनवीर सिंह उर्फ मन्नू ने आरोप लगाया कि इसी मुकदमे से उसका नाम हटाने के बदले दारोगा रणेंद्र कुमार सिंह ने अलग-अलग किस्तों में रिश्वत और सामान की मांग की.

कभी फर्नीचर के लिए 35 हजार तो कभी गाय-भैंस और कुत्ते की मांग

शिकायतकर्ता द्वारा सौंपे गए ऑडियो रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट के विश्लेषण में घूसखोरी की चौंकाने वाली परतें खुली हैं:

1 फरवरी 2026 की रिकॉर्डिंग: दारोगा ने कथित तौर पर एक दूसरे युवक हिमांशु के माध्यम से स्कैनर भेजकर मेज-कुर्सी खरीदने के नाम पर 35 हजार रुपये और फिर 10 हजार रुपये अपने खाते में डलवाए.

ये भी पढ़ें: लाउडस्पीकर पर तेज आवाज में दी अजान हो गया गिरफ्तार, पुलिस के बीट प्रभारी पर भी एक्शन

3 और 9 फरवरी 2026 की रिकॉर्डिंग: शिकायतकर्ता से दो गाय भेजने की बात सामने आई. इसके बाद दारोगा द्वारा एक गाय, भैंस और एक जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता मांगने का आरोप भी रिकॉर्डिंग के आधार पर सही पाया गया.

6 अक्टूबर को दर्ज हुई एफआईआर

हिसार विजिलेंस ब्यूरो की शुरुआती जांच में दारोगा के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई. हरियाणा पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय से 14 अगस्त 2026 को मुकदमे की सहमति दी गई. इसके बाद 6 अक्टूबर 2026 को हिसार मंडल के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई. मामले की आगे की कानूनी और विवेचनात्मक जांच डीएसपी सोमवीर सिंह को सौंपी गई है.

तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं. प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है. फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं. इसके अलावा एनसीसी 'C' सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.

Read More

google button