October 11, 2026

विधायक ने अफ्रीकी लोगों से लगवाए अपने नाम के नारे: खंडेलवाल बोले- सुमित मिश्रा मक्खन लगाने वाले नेता; किसान ने मंत्री के दावे की पोल खोली - Madhya Pradesh News

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। 'बात खरी है' मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।

.

अफ्रीकी लोगों से लगवाए अपने नाम के नारे शाजापुर जिले के कालापीपल से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी भी गजब के कलाकार हैं। दक्षिण अफ्रीका से आए लोगों से भी अपने नाम के नारे लगवा दिए।

दरअसल, कालापीपल क्षेत्र में हेलिकॉप्टर के जरिए हांका देकर हिरणों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस काम के लिए दक्षिण अफ्रीका से भी लोग आए हैं। विधायक घनश्याम चंद्रवंशी उनके बीच पहुंच गए और उनसे बातचीत करने लगे।

इस दौरान विधायक और उनके समर्थकों ने अफ्रीकी लोगों से राजनीतिक नारे भी लगवा दिए। पहले उन्हें समझाया कि हम कहेंगे- 'विकास का पहिया', फिर आपको कहना है- 'घनश्याम भैया'। बाकायदा उन्हें 'घनश्याम भैया' कहना सिखाया गया और फिर 'विकास का पहिया, घनश्याम भैया' के नारे लगवाए गए।

इसका वीडियो भी सामने आया है, जिस पर लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि विधायक जी का कहीं अफ्रीका में चुनाव लड़ने का इरादा तो नहीं है, या फिर ये सिर्फ रीलबाजी का चक्कर है।

कालापीपल से विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने अफ्रीकी लोगों से अपने नाम के नारे लगवाए।

कालापीपल से विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने अफ्रीकी लोगों से अपने नाम के नारे लगवाए।

मक्खन लगाना हो तो सुमित भैया से सीखिए मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इंदौर शहर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा को मक्खन लगाने वाला नेता बताया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मक्खन कैसे लगाया जाता है, यह सीखना हो तो सुमित भैया से सीखना चाहिए।

दरअसल, भाजपा की एक बैठक में शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जमकर तारीफ की। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का भी खूब महिमामंडन किया।

हेमंत खंडेलवाल के स्वागत में सुमित मिश्रा ने कहा- सत्य, न्याय, सहिष्णुता, स्वभाव, चरित्र, राष्ट्रीयता, एकता और धर्मनिरपेक्षता... ऐसे तमाम गुणों से युक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का जोरदार स्वागत कीजिए।

इसके बाद जब हेमंत खंडेलवाल के बोलने की बारी आई तो उन्होंने सुमित मिश्रा पर चुटकी ले ली। उन्होंने कहा कि एक चम्मच मक्खन लेकर किसी को दिया जाए तो वह एक-दो रोटी के बाद नहीं लगा सकता। लेकिन दस रोटियों पर एक चम्मच मक्खन कैसे लगाया जाता है, यह सीखना हो तो सुमित भैया से सीखना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष के इस तंज पर सुमित मिश्रा समेत बैठक में मौजूद तमाम नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता जमकर ठहाके लगाने लगे। इस पूरे वाकये का वीडियो भी सामने आया है।

अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि शहर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने अपने नेताओं की जिस अंदाज में तारीफ की, प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें उन्हीं के अंदाज में आईना दिखा दिया। लोग यह भी तंज कस रहे हैं कि राजनीति में जल्दी आगे बढ़ना है तो बटरिंग मतलब मक्खन लगाने की कला में भी माहिर होना जरूरी है।

इंदौर में भाजपा की बैठक को संबोधित करते प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल।

इंदौर में भाजपा की बैठक को संबोधित करते प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल।

डिप्टी सीएम को मुख्यमंत्री कह गए खंडेलवाल इधर, आलीराजपुर पहुंचे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की जुबान फिसल गई। वे उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को मुख्यमंत्री कह गए।

दरअसल, हेमंत खंडेलवाल डिप्टी सीएम के ओएसडी पर लगे रिश्वत के आरोपों को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने ओएसडी को हटाने के फैसले पर जगदीश देवड़ा की तारीफ की।

इसी दौरान वे कह गए- 'मैं जगदीश देवड़ा जैसे हमारे मुख्यमंत्री का धन्यवाद करूंगा कि पेपर की न्यूज के आधार पर उन्होंने एक घंटे में ही निर्णय लेते हुए ओएसडी को हटा दिया।'

अब लोग हेमंत खंडेलवाल की इस स्लिप ऑफ टंग पर चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि प्रदेश अध्यक्ष की यह बात सुनकर भले ही थोड़ी देर के लिए, लेकिन जगदीश देवड़ा के मन में लड्डू जरूर फूटे होंगे। आखिर, गलती से ही सही, प्रमोशन जो मिल गया।

किसान ने भरी सभा में मंत्री के दावे की खोली पोल सीहोर में एक किसान ने भरी सभा में मंत्री करण सिंह वर्मा के दावों की पोल खोल दी। मंत्री जी बिजली की उपलब्धता का दावा कर रहे थे, लेकिन किसान ने उन्हें सीधे जमीनी हकीकत से रूबरू करा दिया।

दरअसल, मंत्री जन विश्वास शिविर को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों से पूछा कि पहले लाइट नहीं मिलती थी, आज मिलती है कि नहीं? इस पर एक किसान ने तपाक से जवाब दिया- नहीं मिलती है।

किसान ने मंत्री के सामने ही अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि रातभर से लाइट नहीं थी। कल बिजली गुल हुई थी, जो आज दोपहर में आई। दिन में भी लाइट नहीं मिल रही है। किसान की बात सुनकर मंत्री जी थोड़े असहज हो गए।

इसके बाद उन्होंने माहौल हल्का करने की कोशिश करते हुए कहा- अरे दादा, एकाध दिन चली गई होगी लाइट यार। मंत्री की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।

अब भले ही मंत्री जी ने किसान की शिकायत को हंसी-मजाक में टाल दिया हो, लेकिन लोग चुटकी ले रहे हैं कि किसान की बेबाकी ने भरी सभा में मंत्री जी की फजीहत करा दी। बिजली मिलने के दावे की हाथोंहाथ पोल खुल गई।

सीहोर में एक किसान ने मंत्री करण सिंह के पर्याप्त बिजली मिलने के दावे की पोल खोल दी।

सीहोर में एक किसान ने मंत्री करण सिंह के पर्याप्त बिजली मिलने के दावे की पोल खोल दी।

और अब अंदर की बात..

अफसरों की पोस्टिंग में भी क्षेत्रीय लॉबिंग मध्य प्रदेश में जल्द ही आईएएस अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट आने वाली है। इसमें सबसे ज्यादा बदलाव फील्ड में पदस्थ अफसरों के हो सकते हैं। ट्रांसफर की सुगबुगाहट के बीच नई जमावट की कवायद भी शुरू हो गई है।

ऐसा नहीं है कि अच्छी पोस्टिंग के लिए सिर्फ नेता ही अफसरों की सिफारिशें करते हैं। अफसर भी अपने पसंदीदा लोगों को अच्छी जगह सेट कराने के लिए पूरा दम लगाते हैं। इन दिनों ऐसे ही दो अफसरों की खूब चर्चा है।

इनमें एक प्रमुख सचिव दक्षिण भारत से ताल्लुक रखने वाले अफसरों की पैरवी कर रहे हैं, तो दूसरे सचिव महाराष्ट्र से आने वाले अफसरों की प्राइम पोस्टिंग के लिए लॉबिंग में जुटे हैं।

खास बात यह है कि दोनों ही अफसर सरकार में अच्छा-खासा दबदबा रखते हैं। ऐसे में इसे लेकर दोनों के बीच शीत युद्ध की स्थिति बन गई है।

सचिव एक महाराष्ट्रियन अफसर को एक अच्छे जिले में कलेक्टर बनवाना चाहते हैं, जिस पर प्रमुख सचिव अड़गा लगा रहे हैं। इसी तरह प्रमुख सचिव एक कमिश्नर को भोपाल बुलाना चाहते हैं, क्योंकि उनकी अफसर पत्नी साउथ इंडियन है। इस पर सचिव रोड़ा बन रहे हैं।

अब सरकार किसकी सिफारिशों को ज्यादा तवज्जो देती है, ये तो लिस्ट आने के बाद ही पता चलेगा।

इनपुट सहयोग - पुरुषोत्तम परवानी (शुजालपुर), संतोष शितोले (इंदौर), संजय वानी (आलीराजपुर), महेंद्र ठाकुर (सीहोर)

ये भी पढ़ें - राहुल गांधी के बब्बर शेर आपस में भिड़े: माइक छीना, भाजपा विधायक के सामने दे-दनादन

दतिया में भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के सामने हंगामा हो गया। उनके साथ मार्च कर रहे दो कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इधर, भोपाल में राहुल गांधी के बब्बर शेर आपस में ही लड़ लिए। एक-दूसरे पर दहाड़ने लगे। गाली-गलौज शुरू हो गई। बताया गया कि नौबत हाथापाई तक आ पहुंची। पूरी खबर पढ़ें