July 17, 2026

इंदौर में ऑनलाइन सट्टा रैकेट: मनीष पमनानी का नाम आया सामने, तलाश में जुटी पुलिस; नाना पटवारी से भी पूछताछ - Indore News

इंदौर में ऑनलाइन सट्टा रैकेट:मनीष पमनानी का नाम आया सामने, तलाश में जुटी पुलिस; नाना पटवारी से भी पूछताछ

इंदौर3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

इंदौर की राजेंद्र नगर पुलिस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क में लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी सिलसिले में पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी और उसके साथी सुमित मंत्री को पूछताछ के लिए बुलाया। वहीं, उसके पूर्व साथी संजय कौशल को आरोपी बनाते हुए उसके खिलाफ जुआ और सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ के दौरान संजय कौशल ने पुलिस को बताया कि महू नाका स्थित सच्चिदानंद नगर निवासी मनीष पमनानी उसे AllPanX और Gradtex.com की ऑनलाइन बेटिंग लिंक उपलब्ध कराता था। इस खुलासे के बाद पुलिस मनीष पमनानी और उसके एक अन्य साथी की तलाश में जुट गई है।

डीसीपी ने बनाई जांच टीम

डीसीपी नरेंद्र रावत ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। गुरुवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी संजय कौशल, मनीष जादौन, दिनेश उर्फ लल्ला चौहान और प्रीतेश त्रिपाठी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ के लिए रिमांड मांगा।

बड़े सटोरियों के नाम आने की आशंका

पुलिस को संदेह है कि मनीष पमनानी की गिरफ्तारी के बाद ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े कई अन्य नाम सामने आ सकते हैं। संजय कौशल ने पूछताछ में यह भी बताया कि जूनी इंदौर और भंवरकुआ क्षेत्र के कुछ बड़े सटोरिए भी क्रिकेट सट्टे की आईडी के जरिए उनके संपर्क में थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

लेनदेन की डायरी तलाश रही पुलिस

पूछताछ में संजय ने एक डायरी का भी जिक्र किया, जिसमें ऑनलाइन सट्टे के पूरे लेनदेन का रिकॉर्ड दर्ज होने की बात कही गई है। पुलिस अब उस डायरी की तलाश कर रही है। फिलहाल अधिकारियों ने डायरी में दर्ज नामों का खुलासा नहीं किया है।

नाना पटवारी पर भी नजर

जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि नाना पटवारी ऑनलाइन सट्टा एप के जरिए सट्टा खेलता था। हालांकि अब तक उसे इस संगठित सट्टा नेटवर्क में शामिल होने के पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ भी सबूत जुटाए जा रहे हैं और जांच जारी है।

मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए…

1. नाना पटवारी के साथियों ने कबूला-20 से 100 रुपए मिलता है क्रिकेट सट्टे का कमीशन, चार पर एफआईआर

एमडी ड्रग्स के मामले में आरोपी नाना पटवारी और उसके साथी सुमित मंत्री से बुधवार देर रात तक राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि नाना के साथी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट ऑल पैनल पर क्रिकेट सट्टे के कमीशन एजेंट थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें प्रत्येक लेनदेन पर कमीशन मिलता था। पढ़ें पूरी खबर

2.सट्टा कनेक्शन में नाना पटवारी के तीन साथी रडार पर

एमडी ड्रग्स मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आए सुरागों के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस जांच में नाना के मोबाइल से दो ऑनलाइन सट्टा एप और तीन संदिग्ध लोगों की जानकारी मिलने के बाद अब राजेंद्र नगर पुलिस इन लोगों की तलाश में जुटी है। पढ़ें पूरी खबर…

3.जीतू पटवारी का भाई बोला-3 साल पहले ड्रग्स लेता था

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस हिरासत में लेने का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। पार्टी इसे सियासी एंगल देने के मूड में है। शुक्रवार को जीतू और नाना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। इस दौरान नाना पटवारी ने स्वीकार किया कि वे 3 साल पहले तक ड्रग्स का सेवन करते थे, लेकिन रिहैब सेंटर में इलाज के बाद उन्होंने नशा पूरी तरह छोड़ दिया है। पूरी खबर पढ़ें…

.