
राज्यसभा सांसद जयराम रमेश
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन को लेकर राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरीष्ठ नेता जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत आम आदमी को वोट का अधिकार मिला है. लेकिन ये सरकार सुनियोजित तरीके से इस अधिकार को भी छीनने की कोशिश कर रही है.
इससे चिंतित देश के युवा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं, सरकार इनके प्रदर्शन को भी कुचल डालना चाहती है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि युवाओं के इस प्रदर्शन से प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की जोड़ी बुरी तरह घबराई और बौखलाई हुई है. इसलिए युवाओं को रोकने के लिए दिल्ली की सड़कों पर घनघोर किलेबंदी की गई है. देश की राजधानी को किले के रूप में तब्दील कर दिया गया है. हर तरफ हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात हैं.
सीईसी पर भी हमला
जयराम रमेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति के समय जो आदेश दिए थे, इन्होंने पूरी वफादारी के साथ पालन किया है. दिसंबर 2023 में, जब विपक्ष के 145 सांसदों को निलंबित कर दिया गया था, तब उन्हें आजीवन कानूनी संरक्षण देने वाला कानून संसद से जबरन पारित कराया गया था. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट तक से झूठ बोलने वाले CEC का इस्तीफा अब एक नैतिक अनिवार्यता बन गया है.
आगे और लड़ाई है
राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा इस लोकतंत्र की बुनियाद को वापस हासिल करने की दिशा में सिर्फ पहला कदम है. इसके आगे और लड़ाई है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद को फिर से मजबूत करने के लिए सभी लोगों खासतौर पर युवाओं को आगे आना होगा. इसी के साथ उन्होंने SIR की प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की. कहा कि इस एसआईआर के जरिए अब तक करीब 14 करोड़ भारतीयों से उनका मताधिकार छीना जा चुका है.
राहुल गांधी भी बोले
उधर, सीजेपी के प्रदर्शन और दिल्ली पुलिस के एक्शन पर राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लिखा है कि ज्ञानेश कुमार जाएंगे, यह सरकार जाएगी, फिर शुरू होगी लोकतंत्र की मरम्मत. राहुल गांधी का यह सोशल मीडिया पोस्ट एक संदेश के रूप में माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि इस पोस्ट में राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हो नहीं जाता, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी.

कुमार विक्रांत
टीवी9 भारतवर्ष में नेशनल अफेयर्स एडिटर हैं. इससे पहले आजतक, एनडीटीवी और ईटीवी में सेवाएं दे चुके हैं. फ़िल्म, संगीत और खेलों का शौक.
Read More