October 8, 2026

दिवाली-छठ पर घर आने वालों की टेंशन खत्म! मुंबई-पुणे से गोरखपुर के लिए स्पेशल ट्रेनें, जानें टाइमिंग-रूट

Festival Train: दिवाली और छठ पूजा पर घर आने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की तैयारी की है. त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मुंबई और पुणे से गोरखपुर के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. इन ट्रेनों के चलने से मुंबई, पुणे और आसपास के शहरों में रहने वाले पूर्वांचल और बिहार के यात्रियों को घर पहुंचने में सुविधा मिलेगी.

मुंबई से गोरखपुर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के मुताबिक, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से गोरखपुर के बीच ट्रेन नंबर 01079 फेस्टिवल स्पेशल चलाई जाएगी. यह ट्रेन 16 अक्टूबर से 16 नवंबर तक रोजाना चलेगी. ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रात 10:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह करीब 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.

ये भी पढ़ें- छठ पर बिहार जाना है? ट्रेनें फुल, हवाई सफर 3 गुना महंगा देखें किराए से सीटों तक पूरा चार्ट

मुंबई से गोरखपुर के बीच ट्रेन दादर, कल्याण जंक्शन, नासिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, मनकापुर, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी.

गोरखपुर से मुंबई के लिए भी रोजाना ट्रेन

वापसी में ट्रेन नंबर 01080 गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्पेशल के रूप में चलेगी. यह ट्रेन 18 अक्टूबर से 18 नवंबर तक रोजाना संचालित होगी. गोरखपुर से यह दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी और खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, नासिक, कल्याण, ठाणे और दादर होते हुए मुंबई पहुंचेगी.

पुणे से गोरखपुर के लिए भी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने पुणे के यात्रियों के लिए भी विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ट्रेन नंबर 01415 हडपसर-पुणे से गोरखपुर फेस्टिवल स्पेशल 16 अक्टूबर से 16 नवंबर तक रोजाना चलेगी. यह ट्रेन हडपसर से सुबह 7:05 बजे रवाना होगी. रास्ते में यह बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, मनकापुर और बस्ती होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी.

गोरखपुर से पुणे के लिए 17 अक्टूबर से ट्रेन

वापसी में ट्रेन नंबर 01416 गोरखपुर-हडपसर स्पेशल 17 अक्टूबर से 17 नवंबर तक रोजाना चलेगी. यह ट्रेन गोरखपुर से शाम 5:30 बजे रवाना होगी. इसके बाद बस्ती, मनकापुर, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, बेलापुर और अहिल्यानगर होते हुए हडपसर पहुंचेगी.

स्पेशल ट्रेनों में होंगे अलग-अलग श्रेणी के कोच

रेलवे के अनुसार, मुंबई-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन में 22 कोच लगाए जाएंगे. इनमें स्लीपर क्लास, सेकंड एसी, थर्ड एसी और एसएलआर कोच शामिल होंगे. वहीं पुणे-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन में भी स्लीपर, सामान्य द्वितीय श्रेणी और एसी कोच समेत कुल 18 कोच लगाए जाने की जानकारी दी गई है.

त्योहारों की भीड़ में यात्रियों को मिलेगी राहत

दिवाली और छठ पूजा के दौरान मुंबई, पुणे और दूसरे बड़े शहरों से बड़ी संख्या में लोग पूर्वांचल और बिहार अपने घर लौटते हैं. इस वजह से नियमित ट्रेनों में सीटों के लिए काफी मारामारी रहती है. रेलवे का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.

प्रदीप कुमार तिवारी

प्रदीप कुमार तिवारी

प्रदीप कुमार तिवारी ने 2014 से पत्रकारिता की शुरुआत की. उन्होंने p7 न्यूज चैनल से करियर की शुरुवात की. प्रदीप कुमार तिवारी TV9 भारतवर्ष चैनल में आने से पहले Zee news में भी काम कर चुके हैं. प्रदीप को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है. कई वर्षों से डिजिटल में रहने की वजह से डिजिटल कंटेंट पर पकड़ अच्छी है. प्रदीप तिवारी पत्रकारिता के साथ-साथ एनीमेशन फील्ड में भी अच्छी पकड़ रखते हैं. उन्हें ग्राफिक डिजाइनिंग के साथ साथ 2D और 3D एनीमेशन की जानकारी अच्छी है. प्रदीप ने लगभग 2 वर्ष तक प्रभात खबर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम किया है.

Read More

google button