पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक या लखनऊ की गलियों में मिलने वाली शाही मीठी रोटी शीरमाल का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. शीर का मतलब होता है दूध और माल का मतलब होता है भोजन. यानी दूध और देसी घी के रिच कॉम्बिनेशन से तैयार की गई एक बेहद खास डिश.
इसे तंदूर में केसरिया दूध और देसी घी की सिकाई के साथ पकाया जाता है. कोरमा, कबाब या फिर चाय के साथ इसका मीठा और मखमली स्वाद हर किसी को भाता है. अक्सर लोग सोचते हैं कि इसे बिना तन्दूर के घर में नहीं बनाया जा सकता, लेकिन अगर आप सही अनुपात में मैदा, दूध, देसी घी, केसर और इलायची मिलाकर तवे या ओवन में सेकें तो यह बाजार से भी ज्यादा सॉफ्ट और स्वादिष्ट बनती है. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान विधि!
सामग्री:
सम्बंधित ख़बरें
2 कप मैदा
1/2 कप गुनगुना दूध (डो गूंथने के लिए)
4 बड़े चम्मच देसी घी (मोयन और ऊपर से लगाने के लिए)
1/2 कप पिसी हुई चीनी (स्वादानुसार कम या ज्यादा)
10-12 केसर के धागे (2 चम्मच गर्म दूध में भीगे हुए)
1/2 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1/4 छोटा चम्मच केवड़ा जल या गुलाब जल (शाही खुशबू के लिए)
एक चुटकी नमक
थोड़ा सा दूध (ऊपर से ग्रीस करने के लिए)
बनाने का तरीका
एक बड़े बाउल में मैदा, पिसी चीनी, बेकिंग पाउडर, इलायची पाउडर और एक चुटकी नमक छान लें. अब इसमें 3 चम्मच देसी घी डालें और हाथों से अच्छी तरह मिलाएं (मोयन दें). इसके बाद केवड़ा जल और थोड़ा-थोड़ा गुनगुना दूध डालते हुए एकदम सॉफ्ट (नरम) आटा गूंथ लें.
आटे पर हल्का सा देसी घी या गीला कपड़ा लगाकर 30 मिनट के लिए ढंककर रख दें ताकि आटा सेट हो जाए.
इसे बेलन की मदद से सामान्य पराठे या नान जितना थोड़ा मोटा बेल लें. अब कांटे की मदद से पूरी रोटी पर छोटे-छोटे छेद कर दें (ताकि रोटी फूले नहीं और अंदर तक सिंक सके).
तवे/ओवन में सेकें:
तवे को मध्यम गर्म करें. शीरमाल की एक तरफ दूध लगाएं और उस तरफ से तवे पर डालें. जब नीचे से हल्का सेक जाए, तो तवे को पलटकर सीधे आंच पर सुनहरी चित्ती आने तक सेकें.
180°C पर प्री-हीटेड ओवन में 8-10 मिनट तक बेक करें.
सिकने के तुरंत बाद गरम-गरम शीरमाल के ऊपर भीगा हुआ केसरिया दूध और भरपूर देसी घी लगाएं. तैयार है चांदनी चौक स्टाइल मखमली शीरमाल! इसे कोरमा या चाय के साथ परोसें.
---- समाप्त ----