October 7, 2026

ऋषभ पंत के लिए दिल्ली कैपिटल्स के नए हेड कोच सौरव गांगुली का प्लान तैयार

ऋषभ पंत के लिए दिल्ली कैपिटल्स के नए हेड कोच सौरव गांगुली का प्लान तैयार

पंत पर गांगुली को पूरा भरोसा (फोटो-पीटीआई)

सौरव गांगुली को आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम का हेड कोच नियुक्त किया. इसके साथ ही गांगुली ने पंत को लेकर अपनी राय मीडिया के सामने रख दी है. सौरव गांगुली को भरोसा है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम के मिडिल ऑर्डर में पूरी तरह से फिट बैठेंगे और अगले आईपीएल सीजन में वो अपना बेस्ट प्रदर्शन करेंगे. बता दें पंत ने कैपिटल्स के लिए 111 मैच खेले और 3,284 रन बनाए, साथ ही उन्होंने दिल्ली की टीम की कप्तानी भी की, जिसके बाद वो 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए थे. लखनऊ के साथ वो दो ही साल रहे और अब उनकी दिल्ली में फिर वापसी हो गई है. पंत को दिल्ली ने लखनऊ के साथ कुलदीप यादव के बदले लिया है.

पंत को लेकर बड़ी बात बोले गांगुली

सौरव गांगुली ने पंत की दिल्ली कैपिटल्स में भूमिका को लेकर कहा, ‘ हमें मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज की जरूरत थी और पंत इस भूमिका में पूरी तरह फिट बैठते हैं. वो हमारे साथ थे और उन्होंने हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया. अगले साल जब वो दोबारा आएंगे, तो मुझे लगता है कि वो समय, मौके और मैचों का फायदा उठाकर एक बेहतर खिलाड़ी बनेंगे.’

सौरव गांगुली ने आगे कहा, ‘पंत को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बल्लेबाजी करना पसंद है और उम्मीद है कि आने वाले सालों में पंत को दिल्ली की जर्सी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देखेंगे.’ बता दें पंत 2022 में एक जानलेवा कार दुर्घटना से उबरने के बाद से खराब फॉर्म का सामना कर रहे हैं और लगातार चोटों से भी जूझ रहे हैं.

गांगुली ने भी की है दिल्ली में वापसी

दिल्ली कैपिटल्स के साथ गांगुली का जुड़ाव 2019 में शुरू हुआ जब वे फ्रेंचाइजी में सलाहकार के तौर पर शामिल हुए थे. उन्होंने कैपिटल्स के विभिन्न विभागों में कई पदों पर कार्य किया है, जिनमें पुरुष और महिला दोनों टीमों के क्रिकेट डायरेक्टर का पद भी शामिल है. गांगुली ने कहा, ‘मैं दो सीजन से दिल्ली के साथ हूं.मेरा पहला सीजन 2019 था, हम सेमीफाइनल में हार गए और फिर मैं बीसीसीआई अध्यक्ष बन गया. इसलिए मैं आने वाले सीजन के लिए बहुत उत्साहित हूं. दिल्ली एक बहुत अच्छी टीम है और टीम को सफल बनाने के लिए मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगा.’

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button