October 6, 2026

8 लाख रुपये एडवांस, कलाकार की बुकिंग... सपना चौधरी का प्रोग्राम रद्द, पुलिस को भीड़ बेकाबू होने का डर

Hathras Mela News: हाथरस के दाऊजी महाराज मेले के अंतिम दिन सपना चौधरी का शो रद्द होने की कगार पर. पुलिस ने सुरक्षा कारणों से नहीं दी अनुमति. आयोजकों ने दिए थे 8 लाख एडवांस. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

X

हाथरस मेले में सपना चौधरी के कार्यक्रम को परमिशन नहीं. (Photo: Instagram @itssapnachoudhary)

हाथरस मेले में सपना चौधरी के कार्यक्रम को परमिशन नहीं. (Photo: Instagram @itssapnachoudhary)

उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक लकी मेला श्री दाऊजी महाराज के अंतिम दिन प्रस्तावित मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम को लेकर भारी प्रशासनिक पेंच फंस गया है. अपार भीड़ जुटने की संभावना और सुरक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए हाथरस पुलिस और प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है. दूसरी ओर, मेला आयोजक हर हाल में कार्यक्रम आयोजित कराने की जिद पर अड़े हुए हैं.

पुलिस विभाग की ओर से जिला प्रशासन को भेजी गई विस्तृत आख्या में बताया गया है कि मेला पंडाल की कुल दर्शक क्षमता करीब 3000 लोगों की है. जबकि सामान्य दिनों में भी मेले में रोज 3000 से 4000 लोग पहुंच रहे हैं. ऐसे में सपना चौधरी जैसे बड़े सितारे के आने पर हजारों की संख्या में बेकाबू भीड़ जुटने की पूरी संभावना है, जिसे काबू करना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण होगा.

लाफ्टर शो में हुई अव्यवस्था और भगदड़ बनी मुख्य वजह

प्रशासन की इस सख्ती के पीछे मेले में हाल ही में आयोजित हुए लाफ्टर शो की घटना मुख्य वजह मानी जा रही है. लाफ्टर शो के दौरान भीड़ अचानक बेकाबू हो गई थी और दर्शकों ने कुर्सियां उखाड़कर फेंकनी शुरू कर दी थीं. उस समय भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने के कारण कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा था. इसी कड़वे अनुभव से सबक लेते हुए पुलिस ने सपना चौधरी के शो पर सुरक्षा संबंधी गंभीर आपत्ति जताई है.

सम्बंधित ख़बरें

8 लाख रुपये एडवांस दिए, होगा भारी नुकसान

उधर, संगीत सम्मेलन के संयोजक जय शर्मा ने बताया कि सपना चौधरी के कार्यक्रम की बुकिंग लगभग 15 दिन पहले ही कर ली गई थी और उन्हें 8 लाख रुपये का एडवांस भुगतान भी किया जा चुका है. आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के बिल्कुल आखिरी वक्त पर अनुमति न मिलने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा और पूरी व्यवस्था चरमरा जाएगी. फिलहाल आयोजक प्रशासन को मनाने और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजामों का भरोसा देकर अनुमति हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं.

---- समाप्त ----

Live TV

aaj tak epaper in hindi