July 16, 2026

ग्रेटर नोएडा: नाला खुदाई के दौरान गिरा निर्माणाधीन दो मंजिला मकान और दुकान, टला बड़ा हादसा| Navbharat Live

ग्रेटर नोएडा: नाला खुदाई के दौरान गिरा निर्माणाधीन दो मंजिला मकान और दुकान, टला बड़ा हादसा

विज्ञापन

सार

Greater Noida Building Collapse: ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव में नाले की खुदाई के दौरान निर्माणाधीन मकान और दुकान ढह गए। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, जबकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Greater Noida: A two-storey house and shop under construction collapsed during the excavation of a drain, a major accident was averted.

ग्रेटर नोएडा में बिल्डिंग ढहा (सोर्स-सोशल मीडिया)

विस्तार

Greater Noida JCB Excavation Building Collapse: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित तिलपता गांव में गुरुवार को नाला निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। साकीपुर रोड पर जेसीबी मशीन से नाले की खुदाई के दौरान पास में स्थित एक निर्माणाधीन दो मंजिला मकान और दुकान अचानक भरभराकर गिर गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए।

हादसे की चपेट में बिजली के पोल और बिजली तार भी आ गए, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय भवन के आसपास कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुदाई के दौरान भवन के सामने से बड़ी मात्रा में मिट्टी हटाई गई, जिससे उसकी नींव कमजोर हो गई और कुछ ही देर में पूरा ढांचा ढह गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार विभागों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मलबा हटाने के साथ बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य जारी है।

स्थानीय लोगों ने लगाए लापरवाही के आरोप

घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया की तिलपता में सड़क और नाला निर्माण का कार्य पिछले कुछ समय से चल रहा है। गुरुवार को जेसीबी मशीन से नाले की खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान निर्माणाधीन दुकान और मकान के सामने से बड़ी मात्रा में मिट्टी हटाई गई, जिससे भवन की नींव कमजोर हो गई। कुछ ही देर बाद निर्माणाधीन ढांचा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

सम्बंधित ख़बरें

तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि मानसून से पहले नाला निर्माण का कार्य जल्दबाजी में किया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा।

खुदाई के दौरान निर्माणाधी दुकान गिरी

लोगों ने आरोप लगाया कि खुदाई के दौरान आसपास के भवनों की सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय निवासियों ने प्राधिकरण की लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस के अनुसार थाना सूरजपुर क्षेत्र के साकीपुर रोड तिलपता निवासी ओमवीर पुत्र रमेश की निर्माणाधीन दुकान अचानक गिर गई।

समय रहते टली जानहानी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क एवं नाला निर्माण कार्य के तहत जेसीबी से दुकान के सामने की मिट्टी हटाई गई थी। संबंधित दुकान की नींव नाले की ओर बनी हुई थी, जिसके कारण मिट्टी हटते ही उसका संतुलन बिगड़ गया और पूरी दुकान ढह गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।

ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, ड्राइविंग सीख रही महिला की कार ने 5 बच्चों को मारी टक्कर; एक की हालत गंभीर

पुलिस ने शुरू की जांच

मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त पोल एवं तारों की मरम्मत में जुटी हुई है ताकि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Follow Navbharatlive whatsapp