.
भास्कर संवाददाता | विदिशा
संसाधन कम हों तो शिकायत करने के बजाय सोच बदलनी चाहिए, क्योंकि नए रास्ते अपने आप निकल आते हैं। इस विचार को विदिशा के शासकीय कन्या एमएलबी हायर सेकेंडरी स्कूल (डंडापुरा) की प्राचार्य दीप्ती शुक्ला ने जमीन पर उतारा है।
स्कूल में 1800 छात्राएं दर्ज हैं। दो शिफ्टों में संचालन के बावजूद मैदान छोटा होने से एक साथ प्रार्थना कराना और छात्राओं तक शासन-प्रशासन के जरूरी निर्देश पहुंचाना चुनौती बना हुआ था। मैदान में भीड़ के कारण छात्राएं आपस में बातचीत करने लगती थीं और महत्वपूर्ण सूचनाएं उन तक नहीं पहुंच पाती थीं। प्राचार्य ने इस समस्या का समाधान डिजिटल और अनुशासित व्यवस्था के रूप में निकाला।
बिना बड़े बजट के बदला स्कूल का माहौल : एमएलबी स्कूल की यह पहल बताती है कि जगह और संसाधनों की कमी के बावजूद सही सोच और छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। एक साउंड सिस्टम और व्यवस्थित योजना के जरिए स्कूल ने न केवल सूचनाओं का संचार बेहतर किया, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया है।
नई व्यवस्था के तहत रोज अलग-अलग कक्षाओं की पांच-पांच छात्राओं को मुख्य प्रार्थना कराने का अवसर दिया जाता है। इससे उन छात्राओं की झिझक और मंच पर बोलने का डर दूर हो रहा है, जो पहले कभी सबके सामने नहीं आती थीं। साउंड सिस्टम के माध्यम से शासन, शिक्षा विभाग और परीक्षा संबंधी निर्देश दिए जाते हैं। छात्राएं इन सूचनाओं को तुरंत अपनी डायरी या कॉपी में नोट कर लेती हैं। इससे जरूरी जानकारी छूटने की आशंका कम हो गई है। अनुशासन और सामूहिकता बनाए रखने के लिए सप्ताह में एक दिन पूरे स्कूल की सामूहिक प्रार्थना मैदान में होती है। इस दौरान छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलता है।
सूचनाएं आखिरी बच्ची तक पहुंचें और अनुशासन बने, यही हमारा मकसद ^मैदान छोटा होने के कारण प्रार्थना के दौरान दिए जाने वाले निर्देश छात्राओं तक नहीं पहुंच पाते थे। अनुशासन बनाए रखना भी मुश्किल होता था। इस नवाचार के बाद अब हर बच्ची तक निर्देश आसानी से पहुंचते हैं और वे उन्हें नोट भी करती हैं। कक्षाध्यापक भी अपनी कक्षा की छात्राओं पर बेहतर नजर रख पाते हैं। यह कदम स्कूल में व्यवस्था सुधारने और छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। - दीिप्त शुक्ला, प्राचार्य, शा. कन्या एमएलबी हायर सेकंडरी स्कूल, विदिशा