
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ही बेटे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब का आदी था और उसका परिवार में जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था. घटना के दिन आरोपी अपनी मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगने पहुंचा था. पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपनी मां के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी. आखिरकार आज चार अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मामला औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलकपुर का है. 26 सितंबर को डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला का शव पड़ा है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. मृतका की पहचान श्रीमती देवी, पत्नी स्वर्गीय राम आसरे के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक वृद्ध महिला अपने छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में अकेली रहती थीं. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
छोटे बेटे ने दर्ज कराया था केस
मामले में मृतका के छोटे बेटे वीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने उसके बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था. इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी बलवान के बारे में अहम जानकारी मिली. चार अक्टूबर को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चिरहूली पुल के नीचे घेराबंदी की और आरोपी बलवान को गिरफ्तार कर लिया.
शराब का आदी है आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब पीने का आदी है और उसका परिवार में जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था. पुलिस के अनुसार आरोपी पहले ही अपने हिस्से की जमीन बेच चुका था. घटना वाले दिन वह शराब के नशे में अपनी मां के पास पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा. मां द्वारा पैसे देने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ. पुलिस के मुताबिक गुस्से में आरोपी ने अपनी मां के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई.
आरोपी बेटा गिरफ्तार
फिलहाल पुलिस ने आरोपी बलवान, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी ग्राम मलकपुर, थाना कोतवाली औरैया को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील खां और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही.

अन्जुमन तिवारी
मैं अंजुमन तिवारी पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. औरैया से रिपोर्टिंग करता हूं. मैंने दैनिक भास्कर, News 1 India, FM News और JMD News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया. ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक कवरेज और सामाजिक मुद्दों पर मेरी विशेष पकड़ रही है. पिछले 7 वर्षों से मैं TV9 भारतवर्ष से जुड़े हूं और निष्पक्ष, प्रभावशाली एवं तथ्यपरक पत्रकारिता कर रहा हूं. मेहनत, विश्वसनीयता और लंबे अनुभव के बल पर मैंने मीडिया जगत में अपनी मजबूत पहचान बनाई है.
Read More