October 2, 2026

पंजाब को नशा मुक्त करेंगे : अमित शाह

भाजपा द्वारा आयोजित 13 दिन चली 117 विधानसभा क्षेत्रों में 4 हजार किलोमीटर की नशा मुक्त पंजाब यात्रा के समापन समारोह पर जालंधर में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पंजाब को केवल भाजपा ही नशा मुक्त कर सकती है। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब के लोगों के साथ यह वायदा भी किया कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो अगले 2 वर्षों में ही 31 दिसम्बर, 2029 तक पंजाब में से नशे का मुकम्मल खात्मा कर दिया जाएगा तथा एक भी चिट्टे का व्यापारी पंजाब में रहने नहीं दिया जाएगा। इस अवसर पर अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव नशे के मुद्दे पर लड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि बेशक इस समय पंजाब में अमन कानून, गैंगस्टरवाद, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों व मजदूरों के कई मुद्दे हैं, परंतु भाजपा नशे को ही मुख्य मुद्दा बनाकर चुनाव मैदान में उतरेगी, क्योंकि भाजपा के लिए नशा कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह पंजाब के बहादुर लोगों के भविष्य के साथ जुड़ा हुआ है। पंजाब में सरकार बनते ही भाजपा नशे के खिलाफ निर्णायक लडाई लडेगी तथा वह स्वयं आकर इस लडाई का आगाज़ करके जाएंगे। देश भर में नशे का बड़े स्तर पर सफाया किया गया है तथा बड़ी संख्या में नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भी डाला है, जबकि दूसरी तरफ पंजाब में मौजूदा ‘आप’ सरकार ने नशे को पूरी खुल दी हुई है तथा पी.आई.टी.एन.डी.पी.एस. के तहत एक भी नशा तस्कर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। नशा विरोधी रैली को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने पंजाब के लोगों से एक अवसर मांगते हुए कहा कि यदि पंजाब की जनता उनको अगले पांच वर्षों के लिए सरकार बनाने का एक अवसर देती है तो भाजपा पंजाब से नशे को जड़ से उखाड़ देगी। उन्होंने राज्य के लोगों से अपील की कि वह एक बार कमल के फूल का बटन दबा दें तो भाजपा पंजाब में एक भी नशे के तस्कर को रहने नहीं देगी।

पंजाब में नशे की समस्या पिछले दो दशकों से है, इन दो दशकों में 2007-15 के अकाली-भाजपा शासन में 88,933 गिरफ्तारियां दर्ज हुई। 2017-21 के कांग्रेस शासन में 68,064 गिरफ्तारियां हुई। वहीं, 2022-26 के आम आदमी पार्टी शासन में 98,596 गिरफ्तारियां की गई। आम आदमी पार्टी के शासनकाल में एनडीपीएस मामलों में 40 फीसदी से अधिक वृद्धि हुई। गिरफ्तारियों में भी करीब 45 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अतीत में जो हुआ सो हुआ, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले 3 नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए कहा कि 5 आरोपी गिरफ्तार किए हैं, उनके कब्जे से 13 पिस्तौलें और 3267 किलो हैरोइन पकड़ी गई है। यह समाचार उस दिन प्रकाशित हुआ जब अमित शाह जालंधर में नशा मुक्त पंजाब यात्रा के समापन पर पंजाबवासियों से पंजाब को नशा मुक्त करने का वायदा कर रहे थे।

पंजाब की पाकिस्तान से मीलों लंबी सीमा है और नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई में सीधा-सीधा हाथ पाकिस्तान का है। सो गृहमंत्री अमित शाह को पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए पाकिस्तान की नकेल भी कसनी होगी और पंजाबियों को जागरुक भी करना होगा, तभी वह अपना वायदा पूरा कर पायेंगे।

Daily Uttam Hindu - Our editor in chief Sh.Irwin Khanna | Facebook

-इरविन खन्ना, मुख्य संपादक, दैनिक उत्तम हिन्दू।