
शुभमन गिल ने जड़ा दोहरा शतक. (फोटो- PTI)
Shubman Gill Double Hundred: गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे ऐतिहासिक पारियों में से एक देखने को मिली. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कैरेबियाई गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाते हुए अपने वनडे करियर का दूसरा दोहरा शतक ठोक दिया है. वनडे क्रिकेट के इतिहास में एक से ज्यादा दोहरे शतक लगाने का कारनामा अब तक सिर्फ भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा के नाम दर्ज था. अब शुभमन गिल वनडे क्रिकेट में एक से ज्यादा 200+ स्कोर बनाने वाले वर्ल्ड के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. वहीं, उन्होंने सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
शुभमन गिल की ऐतिहासिक पारी
वेस्टइंडीज की ओर से दिए गए 406 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए गिल ने सिर्फ 117 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड अब तक भारत के ही ईशान किशन के नाम था, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 126 गेंदों में यह कारनामा किया था. गिल ने उनके इस रिकॉर्ड को 9 गेंदों के बड़े अंतर से ध्वस्त कर दिया. इसके साथ-साथ गिल दुनिया के पहले बल्लेबाज ने जिन्होंने वनडे की पहली पारी और रन चेज दोनों परिस्थितियों में दोहरा शतक लगाया है.
वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक
- 117 गेंदें — शुभमन गिल बनाम वेस्टइंडीज (गुवाहाटी, 2026)*
- 126 गेंदें — ईशान किशन बनाम बांग्लादेश (चटोग्राम, 2022)
- 128 गेंदें — ग्लेन मैक्सवेल बनाम अफगानिस्तान (मुंबई, 2023)
- 136 गेंदें — पथुम निसंका बनाम अफगानिस्तान (पल्लेकेले, 2024)
- 138 गेंदें — क्रिस गेल बनाम जिम्बाब्वे (कैनबरा, 2015)
रन चेज में भारत का सबसे बड़ा स्कोर
शुभमन गिल ने भारतीय वनडे इतिहास का एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वो टारगेट का पीछा करते हुए भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने एमएस धोनी और विराट कोहली के 183 रनों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
- 200 रन+ — शुभमन गिल बनाम वेस्टइंडीज (गुवाहाटी, 2026)*
- 183 रन* — एमएस धोनी बनाम श्रीलंका (जयपुर, 2005)
- 183 रन — विराट कोहली बनाम पाकिस्तान (ढाका, 2012)
- 175 रन — सचिन तेंदुलकर बनाम ऑस्ट्रेलिया (हैदराबाद, 2009)

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More