September 30, 2026

नमो भारत में ट्रिप पास की सुविधा, बार-बार टिकट खरीदने या कार्ड रिचार्ज का झंझट खत्म - India TV Hindi

नमो भारत ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब हर यात्रा के लिए अलग टिकट खरीदने या बार-बार नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी। नियमित यात्रियों के लिए ट्रिप पास की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके जरिए यात्री पहले से कई यात्राओं के लिए भुगतान कर सकते हैं और तय रूट पर आसानी से सफर कर सकेंगे। इस सुविधा का फायदा खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और छात्रों को मिल सकता है।

ट्रिप पास उन यात्रियों के लिए बनाया गया है जो नियमित रूप से एक ही स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करते हैं। NCMC कार्ड पर पास लोड होने के बाद संबंधित रूट पर यात्रा करने पर एक ट्रिप अपने आप पास से कट जाएगी। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई यात्री सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच रोजाना सफर करता है, तो वह अपनी जरूरत के अनुसार पहले से कई ट्रिप खरीद सकता है। खास बात यह है कि पास का इस्तेमाल एक दिन में कई बार किया जा सकता है।

दूसरे रूट पर सामान्य किराया देना होगा

ट्रिप पास सिर्फ उसी शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच मान्य होगा, जिसके लिए इसे खरीदा गया है। अगर यात्री किसी दूसरे स्टेशन के बीच सफर करता है, तो उस यात्रा का सामान्य किराया NCMC कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा। ग्लोबल वॉलेट में अधिकतम 2,000 रुपये तक रिचार्ज किया जा सकता है।

1 से 40 ट्रिप तक के ऑप्शन

यात्रियों के लिए ट्रिप पास में कई ऑप्शन उपलब्ध हैं। स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों कोच के लिए 1 से लेकर 40 ट्रिप तक के पास खरीदे जा सकते हैं। यात्री इन्हें स्टेशन पर AFC गेट के पास बने काउंटर से खरीद सकते हैं। नमो भारत में सफर करने वाले यात्रियों को हर यात्रा पर 10% की छूट भी मिलती है। इसके अलावा NCMC कार्ड के लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत खर्च किए गए प्रत्येक 1 रुपये पर एक लॉयल्टी पॉइंट मिलता है।

नियमित यात्रियों के लिए क्यों खास है सुविधा?

नमो भारत में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है जो रोजाना एक निश्चित स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक आते-जाते हैं। ऐसे यात्रियों के लिए ट्रिप पास टिकट खरीदने की प्रक्रिया को आसान कर सकता है और बार-बार कार्ड रिचार्ज करने की जरूरत कम कर सकता है।

यह भी पढ़ें- नमो भारत पलट देगा ऋषिकेश की किस्मत- अलवर, सोनीपत, करनाल से डायरेक्ट जुड़ जाएगी योगनगरी

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।