पटना समेत कई जिलों में पिछले 36 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम सुहाना तो हो चुका है लेकिन कई इलाकों में जलजमाव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटना में लोग अपने घरों में पंखें नहीं चला रहे हैं। तापमान में गिरावट के कारण चादर ओढ़कर सोना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटें तक यही स्थिति रहने के आसार है। इसके बाद अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी बिहार के कई जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं मध्य बिहार में अनेक स्थानों और उत्तर-पूर्वी हिस्से में कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है।
मध्य बिहार में भी बारिश के आसार
सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, गया और नवादा में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई को हरे रंग में दिखाया गया है। यहां कुछ स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान है।
विज्ञापन
समस्तीपुर में पेड़ गिरने से तीन छात्रा की मौत
वहीं समस्तीपुर में पेड़ गिरने से 3 छात्राओं की मौत हो गई। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि गुरुवार दोपहर बारिश व आंधी-तूफान के दौरान स्कूल परिसर में बरगद का सूखा पेड़ गिर गया था। हादसे में तीन बच्चों की मौत हुई। मृतकों की पहचान विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा सपना कुमारी (10), पायल कुमारी (11) और गुलनाज खातून (10) के रूप में हुई है। वहीं बांका में दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई है।
विज्ञापन
नेपाल में बारिश से कोसी इलाके में अलर्ट
इधर, नेपाल में भी लगातार बारिश हो रही है। इससे कोसी नदी के जलस्तर में काफी वृद्धि हो रही है। इससे सुपौल, सहरसा और मधेपुरा ने लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। आज छह लाख क्यूसेक तक पानी डिस्चार्ज होने की आशंका है। जल संसाधन विभाग ने अपनी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
कहां-कितनी बारिश हुई जानिए
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में खगड़िया में सबसे अधिक 74 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं कटिहार के कुरसेला में 67.8 मिमी और बांका के कटोरिया में 63.4 मिमी बारिश हुई। वहीं पटना के होसवारी में 62.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मधेपुरा के संग्रामपुर में 62.2 मिमी, नालंदा के हरनौत में 62 मिमी और पूर्णिया के ढेंगराघाट में 58.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। नालंदा के सरमेरा में 57.8 मिमी, बांका के बौसी में 57.8 मिमी, शेखपुरा के घाट कुसुम्भा में 57.2 मिमी, पूर्णिया के भवानीपुर में 56 मिमी, बांका के चंदन में 54 मिमी और बेलहर में 53.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बांका के घुरिया में 52.4 मिमी, पटना के खुसरूपुर में 52.4 मिमी, सीतामढ़ी के ढेंगराब्रिज में 52 मिमी, बेगूसराय के तेघड़ा में 50.8 मिमी और भागलपुर के कहलगांव में 50.6 मिमी बारिश हुई।