Onion Juice for Hair Growth: खूबसूरत, घने और मजबूत बाल हर किसी की चाहत होती है. लेकिन बदलती लाइफस्टाइल, स्ट्रेस, गलत खान-पान और बालों की सही देखभाल न करने की वजह से बाल झड़ने, टूटने और पतले होने की समस्या काफी आम हो गई है. ऐसे में लोग बालों को मजबूत और हेल्दी रखने के लिए कई तरह के हेयर केयर प्रोडक्ट्स के साथ-साथ घरेलू नुस्खे भी आजमाते हैं. प्याज का रस भी इन्हीं घरेलू उपायों में से एक है.
प्याज में सल्फर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, इसलिए इसे बालों की देखभाल के लिए इस्तेमाल किया जाता है. अगर आप भी बालों के लिए प्याज का रस ट्राई करना चाहते हैं तो इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. आज हम आपको प्याज का रस बनाने और इसे बालों पर लगाने के कुछ आसान तरीके बताएंगे.
सबसे पहले ऐसे बनाएं प्याज का रस
प्याज का रस बनाने के लिए 2 से 3 प्याज लें. प्याज को छीलकर छोटे टुकड़ों में काटें और मिक्सर में पीस लें. अब इसे मलमल के कपड़े या बारीक छलनी की मदद से छानकर रस निकाल लें. इसे कुछ समय के लिए फ्रिज में रख सकते हैं.
सम्बंधित ख़बरें
ध्यान रखें कि प्याज का रस कुछ लोगों की स्कैल्प में जलन या खुजली पैदा कर सकता है. इसलिए पहली बार इस्तेमाल करने से पहले थोड़ा सा रस स्कैल्प के छोटे हिस्से पर लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें.
एलोवेरा में मिलाकर लगाएं प्याज का रस
अगर प्याज का रस सीधे लगाने पर स्कैल्प में ज्यादा रूखापन या जलन महसूस होती है तो इसे एलोवेरा जेल के साथ मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए प्याज के रस में एलोवेरा जेल मिलाएं और चाहें तो कुछ बूंदें ऑलिव ऑयल की भी डाल सकते हैं. इस मिश्रण को स्कैल्प पर लगाकर लगभग 30 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें.
प्याज का रस और अंडे का हेयर मास्क
बालों को पोषण देने के लिए प्याज के रस और अंडे से भी हेयर मास्क तैयार किया जा सकता है. इसके लिए 1 बड़ा चम्मच प्याज का रस और 1 अंडा लें. दोनों को अच्छी तरह फेंटकर मिश्रण तैयार करें. अब इसे स्कैल्प से लेकर बालों की लंबाई तक लगाएं. करीब 20 से 30 मिनट बाद ठंडे या नॉर्मल पानी और माइल्ड शैंपू से बाल धो लें.
कैस्टर ऑयल में मिलाकर लगाएं प्याज का रस
हेल्दी बालों के लिए प्याज के रस में कैस्टर ऑयल मिलाकर लगा सकते हैं. इसके लिए दोनों चीजों को बराबर मात्रा में लेकर अच्छी तरह मिलाएं. अब इसे स्कैल्प और बालों की जड़ों पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें. लगभग 30 से 60 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें.
प्याज की गंध से ऐसे पाएं छुटकारा
प्याज के रस की गंध काफी तेज होती है. इसे कम करने के लिए इसमें लैवेंडर जैसे एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें मिलाई जा सकती हैं. हालांकि, एसेंशियल ऑयल को सीधे स्कैल्प पर लगाने से बचें और इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
डिस्क्लेमर: प्याज का रस बालों के लिए एक घरेलू उपाय है लेकिन इसे बाल झड़ने या गंजेपन का पक्का इलाज नहीं माना जाना चाहिए. अगर बाल लगातार बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, स्कैल्प में खुजली या घाव हैं या अचानक बाल तेजी से पतले हो रहे हैं तो डॉक्टर या डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
