उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सपा के ‘पीडीए रथ’ को लेकर तंज कसा है. उनका कहना है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लाल छोड़कर भगवा ओढ़ लिया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश का पीडीए रथ RSS और BJP का भगवाकरण है. उन्होंने कहा कि वोटों की खातिर अखिलेश गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं.
मायावती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव के ‘पीडीए रथ’ पर सवाल उठाते हुए जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा ‘यूपी के आगामी विधानसभा आमचुनाव की तैयारी के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख का प्रचारित पीडीए रथ सपा के अपने लाल रंग का कम और RSS /BJP के भगवा रंग का (भगवाकरण) ज्यादा है’.मायावती ने कहा कि ऐसे में लोगों में चर्चा यही है कि यह सब वोटों के स्वार्थ की खातिर गिरगिट की तरह लगातार रंग बदलना है या फिर मुसलमानों पर से सपा प्रमुख का वोट पाने का भरोसा उठ जाना है.
‘मुस्लिम समाज को हकीकत का अहसास हो गया’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे भी यूपी के खासकर मुस्लिम समाज को इस कड़वी हकीकत का पूरी तरह से अहसास है कि पिछले चुनावों में सपा को उनके द्वारा अधिकांश एकतरफा वोट देने के बावजूद भी यह पार्टी (सपा) यूपी और केंद्र की सत्ता में BJP को सरकार बनाने से नहीं रोक पाती है. उन्होंने कहा कि ऐसे में इस पार्टी को बार-बार वोट देकर अपना वोट खराब क्यों किया जाए .
1. यूपी के आगामी विधानसभा आमचुनाव की तैयारी हेतु समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख का प्रचारित पीडीए रथ सपा के अपने लाल रंग का कम तथा आरएसएस/भाजपा के भगवा रंग का (भगवाकरण) ज़्यादा है, तो ऐसे में लोगों में चर्चा यही है कि यह सब उनका वोटों के स्वार्थ की ख़ातिर गिरगिट की तरह लगातार
— Mayawati (@Mayawati) September 21, 2026
‘बीएसपी के पक्ष में मुस्लिम समाज’
मायावती ने यह भी कहा कि इस मामले में अब अपर कास्ट में से खासकर ब्राह्मण समाज की तरह ही मुस्लिम अपना रवैया काफी तेजी से बीएसपी के पक्ष में बदल रहे हैं. उन्होंने कहा कि बीएसपी यूपी में खासकर अपराध नियंत्रण और शांति-व्यवस्था के मामलों में कानून द्वारा कानून के राज के साथ ही व्यापक जनहित, जनकल्याण एवं विकास के मामलों में भी बेहतरीन आयरनलेडी राज यहां कई बार स्थापित करके दिखा चुकी है, जिसकी सर्व समाज के हित और कल्याण में प्रदेश को सख्त जरूरत भी है.
‘पीडीए की असली वास्तविकता क्या है?’
बीएसपी सुप्रीमों ने कहा कि सपा को यह भी जनता को ज़रूर बता देना चाहिए कि अब इनके पीडीए की असली वास्तविकता क्या है?. उन्होंने कहा कि चुनावी स्वार्थ में अब तक इन्होंने कभी पीडी को पिछड़ा, दलित बताया तो कभी पीडी को पंडित बताया है और कभी अपने आपको ‘अंबेडकरवादी दर्शाने के चक्कर में बीएसपी का नीला रंग वाला वस्त्र धारण कर तस्वीरें खिंचवाई है. उन्होंने कहा कि लोगों ने फौरन ही इन्हें फेक अंबेडकरवादी कहकर रिजेक्ट भी कर दिया.
मायावती ने कहा कि इसके विपरीत बीएसपी सर्वसमाज हेतु सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की नीति और सिद्धांक वाली अंबेडकरवादी पार्टी है एवं सभी को रोटी-रोजगार-युक्त आत्म-सम्मान व स्वाभिमान आदि का जीवन जीने की पक्षधर है. इसीलिए सर्वसमाज में बीएसपी का अपना सम्मान है.

जूही उरूषा खान
जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.
Read More