September 20, 2026

यूपी की बड़ी खबरें: इंडिगो की बैंकॉक-दिल्ली फ्लाइट में यात्री की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई - Uttar Pradesh News

LIVE

यूपी की बड़ी खबरें:इंडिगो की बैंकॉक-दिल्ली फ्लाइट में यात्री की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई

लखनऊ2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट की शनिवार रात लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद आनन-फानन में फ्लाइट को लखनऊ की तरफ डायवर्ट करना पड़ा।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6ई-1054 बैंकॉक से रात करीब 8:15 बजे उड़कर रात 11:10 बजे दिल्ली पहुंचती है। शनिवार रात यह फ्लाइट अपने तय समय पर बैंकॉक से दिल्ली के लिए रवाना हुई। रास्ते में क्रू मेंबर ने पायलट को एक पैंसेजर की हेल्थ इमरजेंसी की सूचना दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने समझदारी दिखाते हुए लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। इजाजत मिलने के बाद विमान को रात करीब 10:55 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। पूरी खबर पढ़ें

भोजपुरी अभिनेता रितेश पांडेय को जान से मारने की धमकी, डॉन बताकर फोन पर मांगी रंगदारी

भोजपुरी फिल्मों के प्रसिद्ध गायक और अभिनेता रितेश पांडेय को शनिवार को जान से मारने की धमकी मिली। फोन पर मिली धमकी में कॉलर ने खुद को डॉन बताकर रंगदारी मांगी। ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसकी शिकायत रितेश ने सारनाथ पुलिस से की। तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की।

रितेश पिछले कुछ दिनों से सारनाथ इलाके में नया मकान बनवाकर रह रहे हैं। पुलिस ने रितेश से पूछताछ के बाद कॉल रिकॉर्डिंग सुनी और मामले की जांच शुरू करके नंबर को सर्विलांस पर लगाया। वहीं, एसीपी सारनाथ ने अभी किसी कार्रवाई के बारे में बताने से इनकार किया है। हालांकि, देर रात एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पढ़ें पूरी खबर…

गाजियाबाद में कार में लगी आग: डंपिंग ग्राउंड के बाहर डंपर ने टक्कर मारी थी, गाड़ी में बैठे तीन लोग सुरक्षित

गाजियाबाद में शनिवार आधी रात डंपिंग ग्राउंड से निकल रहे डंपर ने एक कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार पलट गई। हादसे के कुछ देर बाद कार में आग लग गई। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने कार सवार तीन लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया।

तीनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना पर लोनी से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें

प्रयागराज में शराब कारोबारी की बहू फंदे से लटकी मिली: ढाई साल पहले हुई थी शादी

प्रयागराज के धूमनगंज में शनिवार शाम शराब व्यवसायी की बहू हर्षिता श्रीवास्तव (31) का शव घर की पहली मंजिल के कमरे में फंदे से लटका मिला। हर्षिता करीब डेढ़ साल की बेटी को नीचे छोड़कर ऊपर कमरे में गई थी। काफी देर तक वह नीचे नहीं आई तो बच्ची रोने लगी।

ननद ने ऊपर जाकर कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। कई बार फोन करने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं हुई। पति के पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़ा गया तो हर्षिता फंदे पर लटकी मिली। पूरी खबर पढ़ें

महराजगंज में टेलर ने बाइक और ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

महराजगंज में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। शुक्रवार शाम तेज रफ्तार टेलर ने पहले बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। ई-रिक्शा में बैठे तीनों लोग सड़क पर गिर गए।

हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायलों को अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान दूसरे की भी मौत हो गई। हादसा जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर घुघली थाना क्षेत्र में हुआ। पढ़ें पूरी खबर…

.