September 19, 2026

जिम्मेदारियों के बीच दबा था पिता का सपना, कामयाब होकर बेटे ने दिया ऐसा तोहफा कि भावुक हो गए पापा

जिम्मेदारियों के बीच दबा था पिता का सपना, कामयाब होकर बेटे ने दिया ऐसा तोहफा कि भावुक हो गए पापा

बेटे ने पूरा किया सपना Image Credit source: Instagram/ rajattrawattt_

पिता और बेटे का रिश्ता अक्सर बिना ज्यादा शब्दों के भी बहुत कुछ कह जाता है. जिंदगी में कुछ ऐसे पल आते हैं, जब किसी छोटी-सी खुशी की कीमत बहुत बड़ी होती है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो भी कुछ ऐसा ही भावुक पल दिखाता है, जहां एक बेटे ने अपने पिता का सालों पुराना सपना पूरा कर दिया. बेटे ने अपने पिता को उनकी पसंदीदा बाइक रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 गिफ्ट की. बाइक देखकर पिता के चेहरे पर जो खुशी नजर आई, उसने लोगों का दिल जीत लिया.

ये वीडियो इंस्टाग्राम पर @rajattrawattt_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में बेटा अपने पिता को बाइक दिखाते हुए कहता है कि ये बाबा, आपकी बाइक! नंबर प्लेट तो देखो. पिता जैसे ही बाइक को देखते हैं, बेटे की बात सुनकर उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगती है. इसके बाद बेटा बताता है कि यह उनके लिए एक गिफ्ट है. वीडियो में बेटा अपने पिता को आगे बुलाता है और बॉक्स खोलने के लिए कहता है. वह मजाकिया अंदाज में कहता है, अब एक मोटरसाइकिल भी लेनी पड़ेगी. बॉक्स खोलो. इसके बाद पिता बाइक के पास जाते हैं और उस पर बैठते हैं. बेटा उन्हें उत्साहित करते हुए कहता है कि आ जाओ, चलो. इस पूरे पल को कैमरे में रिकॉर्ड किया गया है.

बेटे के तोहफे से खुश हुए पिता

वीडियो के बैकग्राउंड में एक भावुक गाना भी बज रहा है, जिसके बोल हैं कि अब ना जग की है परवाह कोई, थाम ले तू मोरी जिंदगी, तोसे बढ़ के ना कोई. गाने के बोल और पिता की खुशी इस पूरे वीडियो को और खास बना देते हैं. दरअसल, यह सिर्फ एक बाइक गिफ्ट करने की कहानी नहीं है. इसके पीछे एक पिता के उस सपने की कहानी है, जिसे शायद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियों के चलते कभी प्राथमिकता नहीं दी. कई माता-पिता अपनी जरूरतों और इच्छाओं को पीछे रखकर बच्चों और परिवार की खुशियों को पहले रखते हैं. ऐसे में जब बच्चे बड़े होकर उनके अधूरे सपने पूरे करते हैं, तो वह पल उनके लिए बेहद खास बन जाता है.

रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 लंबे समय से बाइक पसंद करने वाले लोगों के बीच काफी पॉपुलर रही है. इसका क्लासिक डिजाइन, दमदार लुक और खास इंजन साउंड इसे अलग पहचान देते हैं. वीडियो में भी पिता बाइक को बड़े ध्यान से देखते हैं. वह नंबर प्लेट चेक करते हैं और फिर बाइक पर बैठकर अपनी खुशी जाहिर करते नजर आते हैं.

यह भी पढ़ें: काली साड़ी में लड़की का धांसू डांस देख लोग हुए दीवाने, एक्सप्रेशन और एनर्जी देख इंटरनेट पर लोग हुए फिदा

बेटे ने वीडियो के साथ लिखा कि यही वजह है कि हम आगे बढ़ते रहते हैं, चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं. उसकी यह बात इस पूरे वीडियो की भावनाओं को बयां करती है. जिंदगी में मुश्किलें आती रहती हैं, लेकिन परिवार के लिए कुछ खास करने की चाह इंसान को आगे बढ़ने की हिम्मत देती है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इस पल से काफी प्रभावित नजर आए. लोगों ने पिता की खुशी और बेटे के इस प्यारे जेस्चर की जमकर तारीफ की. कई यूजर्स ने कहा कि माता-पिता के चेहरे पर अपनी वजह से आई खुशी देखना ही जिंदगी की सबसे बड़ी खुशियों में से एक है. कुछ लोगों ने इसे पिता के सपने को पूरा करने वाला बेहद खूबसूरत पल बताया.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.<p></p> अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. <p></p>फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

google button