हाई कोर्ट के आदेश पर सड़कें खोदी गईं तो कागज (रिकॉर्ड) और जमीन का फर्क खुलकर सामने आ गया। बेटी बचाओ मार्ग पर सड़क की मजबूत नींव बनाने वाली गिट्टी की परत अनुमान में 1125 घनमीटर थी, लेकिन माप पुस्तिका में 1440.31 घनमीटर दर्ज कर भुगतान किया गया।
.
- खुदाई में भवन निर्माण सामग्री निकली
जांच आयोग ने शुभम शर्मा (बेटी बचाओ तिराहे के सामने)के घर के सामने जांच की तो उस स्थान पर परत मिली ही नहीं। ये वही जगह है, जिसका नाम 17 अगस्त को कोर्ट में सैंपलिंग के लिए सामने आया था। इसके बाद निगम ने वहां खुदाई कर डामर की परत काफी हद तक हटा दी और मिट्टी डालकर हिस्सा समतल कर दिया। 2 दिन बाद आयोग ने वहीं खुदाई की तो नीचे भवन निर्माण का मलबा निकला था।
जानिए... 7 स्थान जहां सैंपल लिए, वहां ये मिला
- गुड़ा गुड़ी नाका मार्ग: कागज में डामर की संयुक्त परत 8 सेंटीमीटर होनी थी, जांच में सिर्फ 4.4 सेंटीमीटर मिली। यानी जांच वाले हिस्से में तय मोटाई के मुकाबले लगभग आधी परत। गिट्टी की आधार परत भी तय मोटाई से कम मिली और उसकी बनावट की जांच फेल रही।
- ए-टू-जेड फोटो स्टूडियो: सड़क के नीचे गिट्टी की मजबूत आधार परत 15 सेंटीमीटर होनी थी, मिली सिर्फ 11 सेंटीमीटर। ऊपर और नीचे की दोनों डामर परतों में उन्हें बांधने वाला बिटुमेन भी तय मात्रा से कम निकला। गिट्टी का आकार भी मानक के मुताबिक नहीं था।
- जैक एंड जिल स्कूल: परतों की मोटाई लगभग तय मानक के मुताबिक मिली, लेकिन सामग्री ने पोल खोल दी। ऊपर और नीचे दोनों डामर परतों में बिटुमेन कम था। गिट्टी की आधार परत में जरूरत से बड़े पत्थर मिले और उसकी बनावट की जांच फेल हुई।
- दूसरी बटालियन: नीचे की डामर परत 5 सेंटीमीटर की जगह 4.5 सेंटीमीटर मिली। ऊपर और नीचे दोनों परतों में बिटुमेन निर्धारित मात्रा से कम रहा।
- बेटी बचाओ तिराहा: यहां ऊपर की परत 3 की जगह 2.7 सेंटीमीटर और नीचे की 5 की जगह सिर्फ 3.7 सेंटीमीटर मिली। दोनों परतें बिटुमेन की जांच में भी फेल हुईं।
- शुभम शर्मा के घर के सामने: गिट्टी की आधार परत नहीं मिली, नीचे निर्माण मलबा निकला और मिट्टी की मजबूती की जांच भी फेल रही। यानी इसी एक स्थान पर कागजी मात्रा, मौके की परत और नीचे भरी सामग्री—तीनों पर सवाल खड़े हुए।
- ट्रैवल्स के सामने : सीवर लाइन के पास भरी मिट्टी को कम से कम 97% तक दबाया जाना था। मार्बल शॉप के सामने यह 94.78% रही। ट्रैवल्स पर दोनों सरकारी जांचों में स्थिति और खराब मिली- एक में 66.78%, दूसरी में 70.55%।