.
जिन इलाकों में कभी पुलिस में भर्ती होने की बात करना भी जोखिम भरा माना जाता था, वहां अब युवा वर्दी पहनकर रोजगार हासिल करने की तैयारी कर रहे हैं। दंतेवाड़ा के नकुलनार खेल मैदान में इन दिनों सुबह 5 बजे से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) और बस्तर फाइटर्स भर्ती की तैयारी कराई जा रही है।
जगरगुंडा, चिंतलनार, अरनपुर, समेली और निलावाया जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों से युवक-युवतियां रोज यहां पहुंच रहे हैं। बस्तर में भर्ती की तैयारी के लिए दो प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। जगदलपुर के लालबाग मैदान के अलावा दंतेवाड़ा जिले में नकुलनार को केंद्र बनाया गया है। यहां कोच नारायण कश्यप की निगरानी में अभ्यर्थियों को दौड़, शारीरिक दक्षता और फिटनेस का अभ्यास कराया जा रहा है। मुफ्त प्रशिक्षण से दूरदराज के युवाओं को तैयारी का मौका मिल रहा है।
जगरगुंडा और चिंतलनार जैसे इलाकों में नक्सल हिंसा के दौर में पुलिस की नौकरी को लेकर ग्रामीणों में डर रहता था। पुलिस भर्ती में जाने वाले युवाओं और उनके परिवारों पर नक्सलियों के दबाव और कार्रवाई की घटनाएं सामने आती रही हैं। अब इन्हीं इलाकों के युवा सुरक्षा बल में नौकरी पाने के लिए नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनके लिए यह सिर्फ शारीरिक परीक्षा की तैयारी नहीं, बल्कि स्थायी रोजगार की उम्मीद भी है। नकुलनार मैदान में सुबह पहुंचते ही अभ्यर्थियों की दौड़ और शारीरिक अभ्यास शुरू हो जाता है।
कोच नारायण कश्यप के अनुसार भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही नियमित अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि शारीरिक परीक्षा के समय अभ्यर्थियों को परेशानी न हो। इधर नकुलनार के मैदान और स्टेडियम में टॉयलेट और बाथरूम की व्यवस्था नहीं है। पास के सामुदायिक शौचालय में पानी नहीं होने से उसका उपयोग भी मुश्किल है। महिला अभ्यर्थियों को इससे विशेष परेशानी हो रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रस्तावित भर्ती में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 168 सेमी ऊंचाई और 50 किलो वजन, जबकि महिलाओं के लिए 153 सेमी ऊंचाई और 45 किलो वजन बताया गया है। पुरुषों की छाती का सामान्य माप 81 सेमी और फुलाने पर 86 सेमी बताया गया है। पुरुषों को 1500 मीटर और महिलाओं को 400 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी। दौड़ के लिए अधिकतम 50 अंक निर्धारित होने की बात कही जा रही है। हालांकि पदों की संख्या, पात्रता, अंक व्यवस्था और परीक्षा का अंतिम पैटर्न आधिकारिक विज्ञापन से ही स्पष्ट होगा।