Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के गरिविडी मंडल के कंडीपेट गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक दंपती के बीच विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर श्रीनु पर लोहे की रॉड से हमला किया और इसके बाद उस पर तेजाब डाल दिया. गंभीर चोटों के कारण श्रीनु की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, कंडीपेट की रहने वाली दानाला रामुलम्मा कुछ समय से अपने पति से अलग रह रही थीं. इसी दौरान उनके रिश्ते अपने देवर के बेटे श्रीनु से बने. बताया जा रहा है कि श्रीनु भी अपनी पत्नी से अलग रह रहा था. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद वे कुछ समय से साथ रह रहे थे.
विवाद के बाद की हत्या
बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के रामुलम्मा और श्रीनु के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान रामुलम्मा ने लोहे की रॉड से श्रीनु के सिर पर हमला कर दिया. इसके बाद उस पर तेजाब डालने की बात भी सामने आई है. गंभीर चोटों के चलते श्रीनु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि श्रीनु की मौत के बाद रामुलम्मा ने कीटनाशक पी लिया. पड़ोसियों ने उसे गंभीर हालत में देखा तो तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया. उसकी मौजूदा हालत को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चीपुरुपल्ली के मुख्य पुलिस अधिकारी शंकर राव और सहायक पुलिस अधिकारी लोकेश्वर राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, हमला किन परिस्थितियों में हुआ और घटना में इस्तेमाल सामान कहां से आया, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी. फिलहाल मामला दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं.
इनपुट- तेलुगु डेस्क

आशू मोहम्मद
राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है. डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.
Read More