टीम इंडिया के खिलाफ दूसरे टी20 में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हार मिली. कप्तान इब्राहिम जादरान ने लगातार दूसरी हार के बाद पावरप्ले बल्लेबाजी को बड़ी कमी बताया. उन्होंने कहा कि टीम ने सही इंटेंट नहीं दिखाया और 150-160 के बजाय 200+ का स्कोर बनाने की सोच होनी चाहिए थी. जादरान ने भारतीय गेंदबाजों को भी क्रेडिट दिया.
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में अफगानिस्तान का दूसरे मुकाबले में भी फुस्स प्रदर्शन रहा. दूसरे टी20 मैच में भी उसे भारत के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 159 रन बनाए, जिसे भारत ने 14.5 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया.
इस हार के बाद अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने टीम की बल्लेबाजी को लेकर अपनी गलती मानी. खासतौर पर उन्होंने पावरप्ले में टीम के प्रदर्शन को निशाने पर रखा. जादरान ने कहा कि उनकी टीम को शुरुआत में वह मोमेंटम नहीं मिल सका, जिसकी जरूरत थी.
सम्बंधित ख़बरें
इब्राहिम जादरान ने कहा कि पिछली हार के बाद टीम ने अपनी गलतियों पर चर्चा की थी और यह सोचने की कोशिश की थी कि इंटरनेशनल क्रिकेट में टॉप टीमों के खिलाफ किस तरह का रवैया अपनाना होगा.
— Afghanistan Cricket Board (@ACBofficials) September 15, 2026
जादरान ने दूसरे टी20 में हार के बाद कहा- हम पावरप्ले में अच्छा नहीं खेल पाए. वहां हमें मोमेंटम नहीं मिला और उन्होंने हम पर दबाव बना दिया.
अफगान कप्तान ने इस प्रदर्शन के लिए भारतीय गेंदबाजों को भी क्रेडिट दिया. उन्होंने कहा कि टीम अब इस क्षेत्र में सुधार करने के बारे में सोचेगी. जादरान का मानना है कि अगर उनकी टीम इस कमी को दूर कर लेती है तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की बड़ी टीमों को चुनौती दे सकती है.
150-160 नहीं, 200+ बनाने की सोच चाहिए
पहले टी20 के बाद ड्रेसिंग रूम में हुई बातचीत का जिक्र करते हुए इब्राहिम जादरान ने बताया कि टीम ने 150-160 रन के स्कोर को 200+ तक ले जाने के तरीके पर चर्चा की थी.
उन्होंने कहा कि इसके लिए टीम को सही इंटेंट के साथ खेलना होगा. जादरान के मुताबिक अगर पावरप्ले में सही इंटेंट के साथ खेलते हुए टीम 60 रन तक भी पहुंचती है तो यह समस्या नहीं है. असली बात यह है कि बल्लेबाजों को बड़े स्कोर की सोच के साथ उतरना होगा. लेकिन दूसरे मैच में अफगानिस्तान उस प्लान को मैदान पर लागू नहीं कर पाया.
जादरान ने माना कि टीम सही इंटेंट नहीं दिखा सकी. उन्होंने भरोसा जताया कि इस एरिया में सुधार किया जाएगा और उसके बाद अफगानिस्तान बड़ी टीमों को चुनौती देने की स्थिति में होगा.
नीतीश कुमार रेड्डी बने प्लेयर ऑफ द मैच
भारत की जीत में नीतीश कुमार रेड्डी का अहम योगदान रहा. उन्होंने गेंदबाजी में 3 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. नीतीश ने अपनी चोट से वापसी के बाद प्रदर्शन पर कहा कि अभी उनका शरीर अच्छी स्थिति में है. उन्होंने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में टीम ने उनके साथ काफी अच्छा काम किया और उनका शरीर अच्छी तरह रिकवर कर रहा है.
नीतीश ने अपनी अतिरिक्त गति (extra pace) को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि वह हमेशा महान ऑलराउंडर बनना चाहते थे और इसके लिए वह अपनी गेंदबाजी में अतिरिक्त गति चाहते थे, जो अब उन्हें मिल रही है. हालांकि, उन्होंने माना कि इसके फायदे के साथ नुकसान भी हैं. वह बार-बार चोटिल होने से बचने और खुद को फिट रखने पर काम कर रहे हैं.
— BCCI (@BCCI) September 15, 2026
पहले टी20 के बाद गेंद से इस वापसी को लेकर नीतीश ने कहा कि यह अपनी क्षमता पर भरोसा करने की बात है. उनका मानना है कि वापसी के लिए खुद पर विश्वास रखना जरूरी है. उन्होंने क्रिकेट को ऐसा खेल बताया, जहां एक पल में चीजें बदल सकती हैं.
श्रेयस अय्यर बोले- अगले मैच में बदलाव संभव
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने लगातार दो मुकाबलों में टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताया. उन्होंने कहा कि पहले मैच के प्रदर्शन के बाद टीम दूसरे मैच में एक व्यापक जीत (comprehensive win) चाहती थी और टीम ने वैसा ही प्रदर्शन किया.
कप्तानी की शुरुआत में मुश्किल दौर को लेकर अय्यर ने कहा कि वह वक्त उनके लिए आसान नहीं था. उन्होंने माना कि शुरुआत में जो हुआ, उसे स्वीकार करना मुश्किल था, लेकिन क्रिकेट का सफर उतार-चढ़ाव से भरा होता है.
अय्यर ने कहा कि ऐसे समय में जितना संभव हो सके संतुलित रहना जरूरी है. उनके मुताबिक अतीत में क्या हुआ, इस पर ज्यादा सोचने के बजाय मौजूदा पल का आनंद लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्थिति को जितना स्वीकार करेंगे, चीजें उतनी बेहतर होती जाएंगी.
— BCCI (@BCCI) September 15, 2026
सीरीज के अगले मुकाबले में टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव के संकेत भी श्रेयस अय्यर ने दिए. उन्होंने कहा कि टीम चाहती है कि सभी खिलाड़ी विकेट और परिस्थितियों के आदी हों और उन्हें मैच प्रैक्टिस भी मिले.
ऐसे में जो खिलाड़ी अब तक बाहर बैठे हैं, उन्हें मौका दिया जा सकता है. अय्यर ने कहा कि अगले मुकाबले में कुछ खिलाड़ियों को अवसर देना अच्छा रहेगा और टीम कॉम्बिनेशन में भी थोड़ा बदलाव किया जा सकता है.
भारत ने दूसरे टी20 में अफगानिस्तान के 159/8 के जवाब में 163/3 का स्कोर बनाकर 14.5 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस तरह भारत ने सीरीज में लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि अफगानिस्तान के खाते में दो मैचों के बाद दो.
---- समाप्त ----