सिडनी, 15 सितंबर (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के सात पूर्व कप्तानों ने मंगलवार को विदेश मंत्री पेनी वोंग से पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के स्वास्थ्य एवं हिरासत की स्थिति का मुद्दा पाकिस्तानी अधिकारियों के समक्ष उठाने की अपील की।
इस पत्र पर ग्रेग चैपल, एलन बॉर्डर और स्टीव वॉ के अलावा इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, किम ह्यूज और मार्क टेलर ने हस्ताक्षर किए हैं। ग्रेग चैपल पिछले कुछ समय से इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार, उचित चिकित्सा सुविधा और कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कई खुले पत्र और अपील कर चुके हैं।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तानों ने स्पष्ट किया कि उनकी अपील इमरान खान के खिलाफ चल रहे कानूनी या राजनीतिक मामलों को लेकर नहीं है, बल्कि हिरासत में उनके साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है इससे संबंधित है।
‘क्रिकबज’ के मुताबिक पत्र में कहा गया, ‘‘हम उनके खिलाफ कानूनी या राजनीतिक मामले पर कोई रुख नहीं रखते। यह पाकिस्तान का आंतरिक मामला है। लेकिन हिरासत में किसी भी व्यक्ति के साथ व्यवहार बुनियादी मानवीय सरोकार का विषय है, चाहे उसकी राजनीतिक विचारधारा कुछ भी हो।’’
इमरान खान 2022 से जेल में हैं और उन्हें भ्रष्टाचार के कई मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। 73 वर्षीय इमरान ने हालांकि लगातार अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तानों ने कहा कि हाल के महीनों में इमरान के साथ व्यवहार को लेकर बार-बार चिंता जताई गई है और ऐसी खबरें सामने आई हैं कि उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ है।
पत्र में कहा गया, “यह पहली बार नहीं है जब अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने यह चिंता जताई है। पिछले छह महीनों में दो अलग-अलग मौकों पर यह मुद्दा सार्वजनिक रूप से उठाया जा चुका है और उसके बाद सामने आई रिपोर्टें (जिनकी पुष्टि अब उनके परिवार ने भी की है) बताती हैं कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।”
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तानों ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार से इस मामले को सीधे पाकिस्तानी अधिकारियों के समक्ष उठाने का अनुरोध किया।
यह अपील इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम के पूर्व इंग्लैंड कप्तान माइकल एथरटन को दिए गए साक्षात्कार के बाद सामने आई है। यह साक्षात्कार पिछले महीने लॉर्ड्स में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरे टेस्ट के दौरान स्काई स्पोर्ट्स पर प्रसारित हुआ था। दोनों भाइयों ने अपने पिता के बिगड़ते स्वास्थ्य और हिरासत में कथित परिस्थितियों के बारे में चिंता जताई थी।
इमरान खान के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हस्तियां आवाज उठा चुकी हैं। इस महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा ने भी पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों के एक समूह के साथ इमरान को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी।
इससे पहले 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खुला पत्र लिखकर इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार और उन्हें पर्याप्त चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने की मांग की थी।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर