आगरा। आगरा सर्राफा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन की साधारण सभा में सोमवार को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में चांदी के आभूषणों पर प्रस्तावित हॉलमार्किंग की अनिवार्यता और उसमें संशोधन की मांग को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें सर्राफा कारोबारियों के हितों, आगरा के पारंपरिक चेन-पायल उद्योग के संरक्षण और व्यापार को आधुनिक तकनीक से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष बृज मोहन रैपुरिया ने कहा कि एसोसिएशन सदैव अपने सदस्यों के हितों और सर्राफा व्यवसाय की प्रगति के लिए प्रयासरत है। सरकार द्वारा चांदी के आभूषणों पर हॉलमार्किंग अनिवार्य करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में एसोसिएशन ने पूर्व में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के अधिकारियों के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं, ताकि हॉलमार्किंग की व्यवस्था व्यावहारिक होने के साथ ही कारोबारियों और उपभोक्ताओं के हितों के अनुकूल हो।
एसोसिएशन ने मांग की कि हॉलमार्किंग में पहले से मान्य टी 80 एवं टी 92.5 की शुद्धता के अतिरिक्त कुछ कम शुद्धता वाले चांदी के आभूषणों को भी मान्यता प्रदान की जाए, जिस प्रकार स्वर्ण आभूषणों में विभिन्न शुद्धता के विकल्प उपलब्ध हैं। चांदी की कीमतों में वृद्धि के कारण निम्न और मध्यम आय वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए आभूषण खरीदना कठिन हो रहा है। ऐसे में कम शुद्धता वाले आभूषणों को मान्यता मिलने से आम उपभोक्ताओं को भी अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार चांदी के आभूषण खरीदने का अवसर मिलेगा।
आगरा की बघेल तार विधा को मिले विशेष मान्यता
एसोसिएशन ने आगरा में बघेल तार के माध्यम से तैयार होने वाली मशीन चेन की विशिष्ट निर्माण विधा को ध्यान में रखते हुए मांग की कि इस विधा से बने आभूषणों की शुद्धता का परीक्षण उन्हें गलाकर किया जाए। यह विधा आगरा के चांदी उद्योग की विशेष पहचान है। इसके अनुरूप परीक्षण प्रक्रिया अपनाने से स्थानीय निर्माताओं को अनावश्यक कठिनाइयों से बचाया जा सकेगा।
सेल्फ हॉलमार्किंग का अधिकार देने की मांग
आगरा में चेन, पायल आदि के बड़े पैमाने पर उत्पादन को देखते हुए एसोसिएशन ने हॉलमार्किंग सेंटरों की पर्याप्त संख्या उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, निर्माताओं की व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए निर्मात्री संस्थाओं को सेल्फ हॉलमार्किंग का अधिकार देने का सुझाव भी रखा, ताकि उत्पादन और हॉलमार्किंग की प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके।
इसके अलावा प्रदेश सरकार से आगरा की चेन और पायल को एक जिला एक उत्पाद योजना में शामिल करने की मांग की गई ।
कॉमन फैसिलिटी सेंटर का प्रस्ताव प्रक्रिया में
सर्राफा व्यवसाय को आधुनिक तकनीक और नई मशीनों से जोड़ने के उद्देश्य से सर्राफा ट्रेड डेवलपमेंट एसोसिएशन के माध्यम से केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है। इसके लिए आवेदन किया जा चुका है, जो वर्तमान में प्रक्रिया में है। सेंटर की स्थापना से सर्राफा कारोबारियों को नई तकनीक, आधुनिक मशीनों और बेहतर उत्पादन सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
आगामी माह में होंगे एसोसिएशन के चुनाव
महामंत्री मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि आगामी माह में एसोसिएशन के चुनाव कराने की तैयारी चल रही है। पिछली आम सभा में प्रस्तावित संशोधनों के अनुसार अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष का चुनाव सीधे मतदाताओं द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 15 सदस्यों का चुनाव भी मतदाताओं के वोट के माध्यम से होगा। अन्य प्रस्तावित संशोधनों की जानकारी सदस्यों को पत्र के माध्यम से दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की गतिविधियों और कार्यक्रमों के चित्रों के साथ फोटोयुक्त सदस्य दिग्दर्शिका प्रकाशित कराने की तैयारी भी की जा रही है।
निवर्तमान अध्यक्ष पवन दौनेरिया ने एसोसिएशन की गतिविधियों और व्यापारियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष गणेशचन्द गोयल ने सभी का स्वागत किया।
गोष्ठी के बाद सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया। इसके पश्चात सभी सदस्यों ने सपरिवार दाल-बाटी के सामूहिक भोज में सहभागिता की।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर संरक्षक खिल्लो सिंह धाकड़, मुन्ना लाल शिवहरे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, अनिल कुमार जैन, उपाध्यक्ष मनीष परौलिया, मनीष जैन, सचिव मुकेश कुमार गुप्ता, सोहन लाल गोयल, एड उल्लास दौनेरिया, संगठन सचिव कुलभूषण गुप्ता (राम भाई), अंकेक्षक दिलीप गुप्ता, प्रचार सचिव सोनू गोयल, सह कोषाध्यक्ष आदित्य गुप्ता (रिंकू), कार्यकारिणी सदस्य एड ब्रजेश गुप्ता, राजीव मित्तल, धर्मेन्द्र सिंह (गुड्डू भाई), हरीश कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।