September 10, 2026

बीबीएमबी चेयरमैन से मिले डा. सुभाष शर्मा, दुकानदारों और कर्मचारियों के मुद्दों पर हुई चर्चा

नंगल(उत्तम हिन्दू न्यूज)- पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के चेयरमैन से मुलाकात कर दुकानदारों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा की। डा. शर्मा ने बताया कि मुलाकात के दौरान दुकानदारों की लीज, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और कर्मचारियों के स्थानांतरण समेत कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

डा. शर्मा ने चेयरमैन से मांग की कि नई लीज नीति के तहत बीबीएमबी की दुकानों पर लंबे समय से कारोबार कर रहे दुकानदारों को मालिकाना हक दिया जाए। उन्होंने बताया कि चेयरमैन ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि आगामी बोर्ड बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव लाया जाएगा। इससे पहले भी ऐसा प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन पंजाब सरकार की आपत्तियों के चलते वह पारित नहीं हो सका था।

उन्होंने बताया कि बीबीएमबी में 10 वर्ष से अधिक सेवाकाल पूरा कर चुके करीब 300 कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने का मुद्दा भी उठाया गया। साथ ही 9 से 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों के भविष्य पर भी विचार करने की मांग की गई। इस पर भी चेयरमैन ने सकारात्मक रुख अपनाया।

मुलाकात के दौरान कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शामिल करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा जिन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति में छह माह या उससे कम समय बचा है, उन्हें दूसरे राज्यों में स्थानांतरित नहीं करने का आग्रह किया गया। डा. शर्मा ने कहा कि लंबे सेवाकाल के कारण कई कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर ही स्थायी रूप से बस चुके हैं, इसलिए सेवानिवृत्ति के करीब उन्हें स्थानांतरित करना उचित नहीं होगा।

डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि चेयरमैन ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्हें उम्मीद है कि दुकानदारों, कच्चे कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों को जल्द राहत मिलेगी।

You Might Be Interested In

  • ‘Ajit Publication Group’ की सीनियर एग्जीक्यूटिव गुरजोत कौर गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की सीनेट सदस्य नियुक्त
  • पंजाब में हास्य-व्यंग्य की समृद्ध परंपरा रही है : प्रेम विज
  • डॉ. बलजीत कौर के नेतृत्व में ‘स्माइल योजना’ बनी भिक्षावृत्ति से सम्मानजनक जीवन की ओर नई उम्मीद
  • चूनीलाल भगत के निधन के बाद परिवार पर टूटा एक और दुख, दामाद मोहनलाल भगत का भी निधन
  • डा. अंबेडकर प्रतिमा अपमान के विरोध में आज जालंधर बंद, बाजार और सरकारी दफ्तर बंद कराने का ऐलान
  • AAP मंत्री मोहिंदर भगत के पिता का निधन, 93 साल की उम्र में ली अंतिम सांस; आधे दिन की छुट्टी का ऐलान