September 9, 2026

जर्मनी के चांसलर ने ट्रंप से फोन पर बात करने से किया मना, ये ही उसकी वजह

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली फोन कॉल रद्द कर दी. उन्होंने ट्रंप से कॉल पर बात करने से मना कर दिया है. यह फैसला ट्रंप की उस सोशल मीडिया पोस्ट के कुछ घंटों बाद लिया गया, जिसमें उन्होंने जर्मनी की दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (AfD) की क्षेत्रीय चुनावी जीत का जश्न मनाया था. पार्टी की तारीफ की थी. हालांकि, मर्ज के प्रवक्ता ने ट्रंप से बात न होने का सीधा कारण नहीं बताया है.

ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर AfD की जीत को लेकर लिखा कि यह पार्टी के लिए ‘बहुत बड़ी रात’ रही. उन्होंने जर्मनी की इमिग्रेशन नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि लोग ‘बेहद बुरे इमिग्रेशन नियमों और कानूनों’ से तंग आ चुके हैं. पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘MGGA’ लिखा, जिसे ‘मेक जर्मनी ग्रेट अगेन’ यानी ‘जर्मनी को फिर से महान बनाएं’ के रूप में देखा गया. ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई, जब AfD ने जर्मनी के क्षेत्रीय चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया था. पार्टी को जर्मनी की राजनीति में दक्षिणपंथी रुझान बढ़ने के संकेत के तौर पर देखा जाता है.

कॉल रद्द होने पर क्या कहा गया?

AFP के अनुसार, मर्ज के प्रवक्ता ने फोन कॉल रद्द होने का कारण बताने से इनकार कर दिया. हालांकि, पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि यह फैसला समय की कमी या शेड्यूल में टकराव की वजह से नहीं हुआ था. प्रवक्ता ने ट्रंप की पोस्ट पर सीधे कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. उन्होंने यह भी नहीं बताया कि कॉल रद्द होने और ट्रंप की टिप्पणी के बीच कोई संबंध है या नहीं.

घरेलू राजनीति में दखल पर मर्ज की आपत्ति

प्रवक्ता ने कहा कि चांसलर मर्ज ने आम तौर पर इस बात पर आपत्ति जताई है कि किसी देश की घरेलू राजनीतिक स्थिति, खासकर चुनावों के मामले में, बाहरी नेताओं को दखल देना या टिप्पणी करना सही नहीं है. ऐसे में ट्रंप की AfD के समर्थन वाली पोस्ट और मर्ज का फोन कॉल रद्द करना एक ही समय पर हुआ है. हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच सीधा संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

जर्मनी-अमेरिका संबंधों के लिए क्या मायने?

मर्ज और ट्रंप के बीच फोन कॉल रद्द होने की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब जर्मनी और अमेरिका के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत जारी है. इनमें व्यापार, सुरक्षा और यूरोप की राजनीति जैसे विषय शामिल हैं. AfD को लेकर ट्रंप की टिप्पणी जर्मनी की घरेलू राजनीति में अमेरिकी राष्ट्रपति की रुचि को दिखाती है. वहीं, मर्ज की ओर से घरेलू चुनावी मामलों में बाहरी टिप्पणी पर आपत्ति जताना यह संकेत देता है कि जर्मन सरकार अपनी राजनीतिक प्रक्रिया में बाहरी दखल को लेकर सतर्क है.

यह भी पढ़ें- BRICS भारत के लिए क्यों जरूरी, बैठक से नई दिल्ली को क्या हो सकता है फायदा?

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button