Chatra news : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प कि घटना घटी है. गांव में प्रेम-प्रसंग का कथित मामला सामने आने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. घटना की सूचना पाकर मामला को शांत कराने सिदपा गांव पहुंची टंडवा थाना पुलिस की टीम पर उग्र भीड़ ने हमला बोल दिया. हमले में टंडवा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक पप्पू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये हैं.

घटना के बाद सिदपा गांव में तनाव का माहौल
थाना प्रभारी को एनटीपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के अनुसार पथराव की घटना में थाना प्रभारी के सिर और हाथ में गंभीर चोट आई है. पथराव के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी. जिसके बाद भीड़ तीतर-बितर हुई. घटना के बाद सिदपा गांव में तनाव का माहौल है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बड़वार और चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस लाइन से स्पेशल फोर्स मौके पर भेजी गयी. आसपास के थानों की फोर्स को भी मौके पर भेज कर पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस के अधिकारी गांव में पुलिस बल कि तैनाती करते हुए हर स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है.
जानकारी के अनुसार गांव में प्रेमी युगल के मिलने की सूचना पर कुछ लोग एक जगह एकत्रित हो गए थे, और घर में घुसकर प्रेमी युगल को जबरन पकड़कर उसे अपने कब्जे में लेने का प्रयास कर रहे थे. जिसकी सूचना मिलते ही दूसरे गुट के लोग की वहां पहुंच गए और इसका पुरजोर तरीके से विरोध करने लगे. इसी दौरान दोनों गुटों में तू-तू, मैं-मैं के बाद हिंसक झड़प शुरू हो गई.
इसके बाद घटना की सूचना पाकर मामला शांत कराने पहुंचे टंडवा थाना प्रभारी और उनके सशस्त्र बल की टीम पर उग्र भीड़ नें हमला बोल दिया. हमले में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव समेत करीब आधा दर्जन जवान भी घायल हो गये हैं,
आक्रोशित भीड़ न पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ भी की है, सदर थाना प्रभारी को गर्दन और हांथ में लगी चोट लगी है. एनटीपीसी अस्पताल में भर्ती कराये गये हैं. जानकारी के अनुसार पथराव के बावजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ के चंगुल से प्रेमी युगल को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है.
बहरहाल इस मामले में अभी जिले के कोई भी वरिय पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं. एसपी अनिमेष नैथानी ने इमामले में अफवाहों से बचते हुए बगैर पुष्टि कोई भी भ्रामक सूचना प्रसारित करने से बचने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.