
आमेर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है.
Jaipur News: जयपुर के आमेर में टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की हत्या के बाद लोगों में भारी आक्रोश है. मनीष की इलाज के दौरान मौत की खबर मिलते ही आमेर का मुख्य बाजार बंद हो गया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी सड़कों पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए.
पुरानी रंजिश में चाकू से हमला
जानकारी के अनुसार, आमेर निवासी टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी पर जीप चालक आजम और नाजिश ने चाकू से हमला किया था. गंभीर रूप से घायल मनीष को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा कि जीप संचालन को लेकर करीब 10 दिन पहले मनीष और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी. इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था. आरोप है कि जब मनीष ने जीप ले जाने को लेकर रोक-टोक की तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया.
ये भी पढे़ं- भरतपुर में बड़ा हादसा! अचानक गिरी मकान की दीवार, मलबे में दबे 7 लोग; महिला की मौत
मौत की खबर मिलते ही बाजार बंद
मनीष की मौत की खबर जैसे ही आमेर पहुंची, लोगों का गुस्सा भड़क उठा. व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और स्थानीय लोग मुख्य बाजार में धरने पर बैठ गए. प्रदर्शन में मृतक के परिजन भी शामिल हैं. लोगों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई इस तरह की वारदात करने की हिम्मत न कर सके.
परिजनों ने रखीं कई मांगें
प्रदर्शन कर रहे लोगों और मृतक के परिजनों ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं. उनकी मांग है कि पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए. साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक सरस डेयरी बूथ आवंटित किया जाए. प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की है.
मांगें नहीं मानीं तो दिल्ली रोड जाम करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो दिल्ली रोड को पूरी तरह जाम किया जाएगा। इसके बाद प्रशासन की चिंता बढ़ गई है. आमेर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है.

ध्वज आर्य
राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.
Read More