Guwahati News: असम के गुवाहाटी में एक महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है. रविवार रात बोकिशपुर इलाके में एक महिला का सिर कटा शव उसके घर से बरामद हुआ. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पति रमानुष गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था.
परिवार से संपर्क नहीं हुआ तो पुलिस को दी सूचना
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:45 बजे परिवार के लोगों ने पुलिस से संपर्क किया. उन्होंने बताया कि रिया और उसके पति से काफी समय से संपर्क नहीं हो पा रहा था. सूचना मिलने के बाद हाटीगांव पुलिस की टीम तुरंत बोकिशपुर स्थित उनके घर पहुंची. घर के अंदर पुलिस को रिया का शव मिला. उसका सिर धड़ से अलग था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे घर को जांच के दायरे में लिया और मौके पर CID तथा फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को बुलाया गया.
ये भी पढ़ें- दूल्हा बना शूटर! शादी में 5 सेकंड में 17 राउंड फायरिंग का VIDEO वायरल, पुलिस जांच में जुटी
घर से जुटाए गए अहम सबूत
जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई नमूने और दूसरे सबूत जुटाए हैं. पुलिस अब इन सबूतों की जांच कर रही है, ताकि हत्या की पूरी कहानी और घटना के समय की स्थिति स्पष्ट हो सके. गुवाहाटी ईस्ट के DCP टी.आर. पेगु ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद टीम को मौके पर भेजा गया था. मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है.
पति ने पुलिस के सामने किया सरेंडर
महिला की हत्या की जांच के बीच उसके पति रमानुष गोस्वामी ने देर रात दिसपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर सरेंडर कर दिया. इसके बाद उसे हाटीगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया. फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में रखा है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. जांचकर्ता आरोपी के बयान को घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य जानकारी से मिलाकर देख रहे हैं. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे वास्तव में क्या वजह थी और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं.
पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था. पुलिस के मुताबिक, गोस्वामी को अपनी पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस को शक है कि इसी विवाद के बाद गोस्वामी ने रिया पर धारदार हथियार से हमला किया. हालांकि पुलिस अभी हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि करने में जुटी है.
घटना के बाद ऐसी खबरें भी सामने आईं कि महिला के शरीर के कुछ हिस्से कुत्ते को खिला दिए गए. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और मौके से मिले सबूतों के आधार पर ही इस बारे में स्थिति साफ होगी.
फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है. अब फॉरेंसिक रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले सबूत और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटना का पूरा क्रम और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी पति पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है.
(रिपोर्ट- मिर्जुल इस्लाम/गुवाहाटी)

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.
Read More