
पीटरसन की इंग्लैंड की टीम में वापसी (फोटो-पीटीआई)
Kevin Pietersen: 12 साल पहले जिनकी वजह से केविन पीटरसन का बेहतरीन इंटरनेशनल करियर जल्दी खत्म हो गया था, अब ये खिलाड़ी उन्हीं के साथ जुड़ गया है. केविन पीटरसन की इंग्लैंड क्रिकेट में वापसी हुई है. ईसीबी ने इस खिलाड़ी को इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम का स्पेशल मेंटॉर बनाया है. इस खिलाड़ी को अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम से जोड़ा गया है. साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका में होगा और पीटरसन इंग्लैंड के काफी काम आ सकते हैं क्योंकि ये खिलाड़ी साउथ अफ्रीका में काफी क्रिकेट खेला है और वहां की कंडिशंस से वो अच्छी तरह वाकिफ भी हैं.
ईसीबी से हुई थी पीटरसन की लड़ाई
बता दें केविन पीटरसन के करियर का अंत 2014 में हो गया था. उस वक्त पीटरसन सिर्फ 33 साल के थे जब उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था. पीटरसन और इंग्लैंड का विवाद साल 2012 में शुरू हुआ था. पीटरसन ने 2012 में अचानक वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करते हुए कहा कि वो टेस्ट क्रिकेट पर फोकस करना चाहते हैं. बताया जाता है कि पीटरसन ने ये सब आईपीएल में खेलने के लिए किया. हालांकि ईसीबी ने कहा कि अगर वो वनडे क्रिकेट से रिटायर हो रहे हैं तो उन्हें टी20 इंटरनेशनल से भी रिटायर हो जाना चाहिए. पीटरसन इससे नाराज हो गए.
इसके बाद पीटरसन ने अगस्त 2012 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 149 रन बनाए और प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये कह दिया कि इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम में रहना मुश्किल है. इसी सीरीज में ईसीबी ने पीरसन को लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर कर दिया. उनपर आरोप लगाया गया कि उन्होंने स्ट्रॉस के खिलाफ साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों को मैसेज भेजे थे. साल 2013-14 में इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया में एशेज 0-5 से हार गई और फिर 2014 में पीटरसन का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया. इसके बाद पीटरसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. लेकिन अब पीटरसन फिर ईसीबी से जुड़ गए हैं.
पीटरसन ने मेंटॉर बनने के बाद क्या कहा?
केविन पीटरसन ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम से जुड़ने के बाद कहा कि वर्ल्ड कप के लिए इस टीम की मदद करना उनके लिए गर्व की बात होगी. उन्होंने कहा, ‘दक्षिण अफ्रीका में विश्व कप जीतने के इस सफर में इस टीम की मदद करने के लिए कहा जाना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है. 2014 के बाद पहली बार फिर से इंग्लैंड की जर्सी पहनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और एक बेहद खास पल है.’ पीटरसन ने आगे कहा, ‘हमारे पास टैलेंटेड खिलाड़ी हैं, व्हाइट बॉल की बेहतरीन टीम है. मैं इन खिलाड़ियों की क्षमता को निखारने के लिए पूरी मेहनत करने को लेकर उत्साहित हूं. अगले 12 महीनों तक मैक्कलम की टीम का हिस्सा बनना शानदार मौका है.’
पीटरसन ने मैक्कलम की आलोचना की थी
दिलचस्प बात ये है कि केविन पीटरसन ने 2025 में इंग्लैंड के भारत दौरे के दौरान मैक्कलम की आलोचना की थी. पीटरसन ने कहा था कि मैक्कलम ने इंग्लैंड में जो माहौल बनाया है वो अजीब है. इसके बाद मैक्कलम ने पीटरसन के दावे को गलत बताया था. और अब मैक्कलम ने ही उन्हें इंग्लिश टीम से जोड़ने में बड़ी भूमिका अदा की. मैक्कलम ने कहा, ‘मैं केपी का काफी सम्मान करता हूं, उन्होंने खेल में बहुत कुछ हासिल किया है. इंग्लिश क्रिकेट पर उनका अद्भुत असर रहा है. उनके जैसे अनुभवी और बड़े खिलाड़ी का इस टीम से जुड़ना अच्छी बात है. वो हमारे बल्लेबाजों के साथ काम करेंगे मैं इसके लिए काफी उत्साहित हूं.’

अनूप देव सिंह
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल 2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.
Read More