वॉन्टेड में कटरीना को लीड रोल में चाहते थे सलमान, जानिए बोनी कपूर ने क्यों ठुकरा दिया ये आइडिया
Sep 01, 2026 06:29 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Salman Khan Wanted: सलमान खान की फिल्म वॉन्टेड में आयशा टाकिया लीड रोल में थीं, लेकिन अब बोनी कपूर ने खुलासा किया है कि आयशा से पहले कई और नाम भी आए थे।

सलमान खान ने सुझाव दिया था कि उनके साथ वॉन्टेड में कटरीना कैफ को कास्ट किया जाए।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की साल 2009 में आई फिल्म 'वॉन्टेड' ब्लॉकबस्टर हिट रही थी। इस फिल्म में सलमान लीड रोल में थे और फीमेल लीड रोल आयशा टाकिया ने प्ले किया था। लेकिन क्या आपको पता है कि इस फिल्म में पहले आयशा टाकिया वाला रोल कटरीना कैफ को मिलने वाला था। लेकिन फिर ऐसा क्या हुआ कि फिल्म की लीड एक्ट्रेस को बदलना पड़ा? चलिए जानते हैं सलमान खान की सुपरहिट फिल्म का यह बिहाइंड द सीन्स किस्सा।
सलमान नहीं निकाल पा रहे थे वक्त
'वॉन्टेड' के प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने खुलासा किया है कि सलमान खान ने शुरू में इस फिल्म में लीड एक्ट्रेस के लिए कटरीना कैफ का नाम सुझाया था। मालूम हो कि वॉन्टेड असल में साउथ की सुपरहिट फिल्म पोकिरी का हिंदी रीमेक थी। बोनी कपूर को लगा कि हिंदी रीमेक में राजवीर शेखावत का रोल करने के लिए सलमान खान एकदम सही रहेंगे। बोनी कपूर ने रीमेक पर काम शुरू करने से पहले सलमान खान को इसका ऑरिजनल वर्जन दिखाने की भी कोशिश की थी। बोनी कपूर ने कहा- मैं चाहता था कि वह फिल्म देखें और मैंने 2 प्रीव्यू शो भी आयोजित किए थे। लेकिन बिजी शेड्यूल के चलते सलमान नहीं आ सके।
बोनी कपूर को थी इस बात की फिक्र
बोनी कपूर ने रेडिफ के साथ बातचीत में बताया, "मुझे चिंता थी कि तमिल रीमेक रिलीज हो जाएगी, और अगर यह मूल फिल्म जितनी बड़ी हिट साबित हुई, तो कोई दूसरा बॉलीवुड एक्टर या प्रोड्यूसर हिंदी रीमेक के राइट्स खरीदने में दिलचस्पी दिखाएगा। नतीजा यह होगा कि गजनी की तरह फिर मैं पोकिरी के राइट्स भी खो दूंगा।" आखिरकार मौका निकालकर सलमान खान ने पोकिरी देखी और वॉन्टेड के लिए हामी भर दी। इस रीमेक मूवी का डायरेक्शन प्रभु देवा के हाथ में था और जब फिल्म बनकर तैयार हुई तो इसने कमाल कर दिया।
क्यों नहीं किया गया कटरीना को साइन?
बोनी कपूर ने कहा, "सलमान ने पोकिरी की हिंदी रीमेक फिल्म 'वांटेड' में लीड एक्ट्रेस के लिए कटरीना कैफ का नाम सुझाया था। लेकिन क्योंकि यह किरदार शुरू में राधे के प्रति अपने इमोशन्स को लेकर कनफ्यूजन में है, इसलिए मैंने सोचा कि बेहतर होगा कि हम किसी ऐसी एक्ट्रेस को कास्ट करें जिसने पहले कभी उनके साथ जोड़ी न बनाई हो।" आयशा टाकिया के नाम पर सहमति बनने से पहले उन्होंने जेनेलिया डिसूजा समेत कई नामों पर विचार किया। मालूम हो कि वॉन्टेड से पहले सलमान का टफ टाइम चल रहा था और इसे उन्हें कमबैक दिलाने वाली मूवी माना जाता है।