August 28, 2026

शहीद भाई की प्रतिमा की कलाई पर बांधी राखी, छलक उठा प्यार

शहीद भाई की प्रतिमा की कलाई पर बांधी राखी, छलक उठा प्यार

August 28, 2026

शहीद भाई की प्रतिमा की कलाई पर बांधी राखी, छलक उठा प्यार

Rakhi tied on the wrist of the martyr’s statue : मोगा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गांव कपूरा में भाई-बहन के अटूट प्रेम और देशभक्ति की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। देश की रक्षा करते हुए शहादत देने वाले हवलदार अवतार सिंह की बहन दविंद्र कौर बबली ने अपने शहीद भाई की आदमकद प्रतिमा की कलाई पर राखी बांधी।

भाई आज दुनिया में नहीं है, लेकिन बहन ने राखी की डोर से अपने रिश्ते की उस भावना को फिर से जीवंत कर दिया, जो समय और मौत की सीमाओं से भी परे है। इस भावुक पल में परिवार और गांववासी भी शहीद की शहादत को नमन करते नजर आए। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए हवलदार अवतार सिंह की बहन दविंद्र कौर बबली ने अपने शहीद भाई की आदमकद प्रतिमा की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते को याद किया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया और उपस्थित लोगों ने शहीद की शहादत को नमन किया। हवलदार अवतार सिंह वर्ष 2001 में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में देश की रक्षा करते हुए दुश्मनों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए थे। उनकी याद में गांव कपूरा में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई है। रक्षाबंधन के अवसर पर उनकी बहन दविंद्र कौर बबली हर वर्ष प्रतिमा की कलाई पर राखी बांधकर अपने भाई को याद करती हैं।

इस अवसर पर शहीद अवतार सिंह के बेटे मनप्रीत सिंह, पुत्रवधू किरणप्रीत कौर, पोता अवनिंदर सिंह, बेटी किरनप्रीत कौर और भाजी सुखप्रीत कौर भी मौजूद रहे। परिवार के सदस्यों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। दविंद्र कौर बबली ने कहा कि उनके भाई ने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उन्हें इस बात का गर्व है कि उनके भाई ने गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार उनके लिए भावनाओं से जुड़ा है। भाई आज उनके बीच मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें और देश के लिए दिया गया बलिदान हमेशा उनके साथ है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष रक्षाबंधन पर शहीद भाई की प्रतिमा की कलाई पर राखी बांधकर वह न केवल अपने भाई को याद करती हैं, बल्कि देश की खातिर सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर जवानों की शहादत को भी नमन करती हैं। गांववासियों ने भी शहीद अवतार सिंह के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान प्रकट किया।