July 13, 2026

'मां और बहन को प्रोस्टीट्यूट कहते थे पापा', उर्फी जावेद की बहन डॉली ने सुनाई बचपन की दर्दनाक कहानी

Dolly Javed on Her Father: सोशल मीडिया सेंसेशन उर्फी जावेद की छोटी बहन डॉली जावेद इन दिनों रियलिटी शो 'अलायंस' को लेकर चर्चा में हैं. हालांकि शो में उनका सफर खत्म हो चुका है, लेकिन बाहर आने के बाद दिए गए उनके इंटरव्यू ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. डॉली ने अपनी निजी जिंदगी और बचपन से जुड़े कई दर्दनाक अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने घरेलू कलेश, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव का लंबा दौर देखा, जिसका असर आज भी उनके जीवन पर है.

17 साल की उम्र में हुई मां की शादी

सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू और शो के दौरान हुई बातचीत में डॉली जावेद ने बताया कि उनकी मां की शादी बहुत कम उम्र में हो गई थी और उन्होंने बेहद कठिन परिस्थितियों में अपने बच्चों की परवरिश की. डॉली जावेद ने बताया कि उनकी मां की शादी महज 17 साल की उम्र में हो गई थी. उन्होंने कहा कि जब उनकी मां 26 साल की हुईं, तब तक वो पांच बच्चों की मां बन चुकी थीं. डॉली के मुताबिक, इतनी कम उम्र में परिवार की जिम्मेदारियां संभालना उनकी मां के लिए बेहद मुश्किल था. इसके बावजूद उन्होंने अपने बच्चों की परवरिश में कोई कमी नहीं छोड़ी और हर मुश्किल का सामना किया.

'मां के साथ मारपीट होती थी'

इंटरव्यू में डॉली ने अपने बचपन की एक दर्दनाक याद साझा करते हुए बताया कि घर में अक्सर झगड़े होते थे. उनका आरोप है कि उनके पिता उनकी मां के साथ मारपीट करते थे. उन्होंने कहा कि जब घर में लड़ाई होती थी तो वो इतनी डर जाती थीं कि बिस्तर के नीचे जाकर छिप जाती थीं. उस समय वो बहुत छोटी थीं और समझ नहीं पाती थीं कि आखिर उनके परिवार के साथ ऐसा क्यों हो रहा है. डॉली ने अपनी मां के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा, "हम पांचों भाई-बहनों के लिए मेरी मां ने बहुत त्याग किए हैं. उन्होंने अकेले ही हमें संभाला और हर मुश्किल का सामना किया."

'कुशाल टंडन का व्यवहार देखकर बचपन याद आ गया'

डॉली ने ये भी कहा कि 'अलायंस' शो के दौरान एक्टर कुशाल टंडन के कुछ व्यवहार ने उन्हें अपने बचपन की याद दिला दी. हालांकि उन्होंने ये  स्पष्ट नहीं किया कि किस घटना की बात कर रही थीं, लेकिन उनका कहना था कि कुछ परिस्थितियों ने उन्हें अपने पिता के व्यवहार की याद दिला दी, जिससे वो भावुक हो गईं.

'हमारे बारे में बेहद अपमानजनक बातें कही जाती थीं'

शो से बाहर आने से पहले एक्ट्रेस नीति टेलर के साथ बातचीत में भी डॉली जावेद ने अपने परिवार से जुड़ी कई बातें साझा की थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता न सिर्फ उनके और उनकी बहनों के बारे में अपमानजनक बातें कहते थे, बल्कि परिवार की छवि को भी नुकसान पहुंचाने वाली बातें लोगों के बीच फैलाते थे. डॉली जावेद ने बताया था कि उनके पिता उन्हें, उनकी बहनों को और मां को प्रोस्टीट्यूट कहते थे. पिता के टॉर्चर के बारे में बात करते हुए डॉली जावेद बोलीं- प्रोस्टीट्यूट तो कुछ भी नहीं है. मेरे पिता ने हमारे लिए इतनी गंदी बातें बोली हैं, जो मैं बता भी नहीं सकती. डॉली ने कहा कि बचपन में ये सब सुनना उनके लिए बेहद दर्दनाक था. वो अंदर ही अंदर गुस्सा महसूस करती थीं, लेकिन पिता होने की वजह से खुलकर कुछ कह नहीं पाती थीं.

'पूरे गांव में हमारे बारे में गलत बातें फैलाई गईं'

डॉली ने आगे बताया कि उनके पिता सभी को जाकर बताते थे कि वो लोग प्रोस्टीट्यूट हैं. डॉली बोलीं- मेरे पिता की साइड के सभी रिश्तेदारों, पूरे गांव में ये फैल गया था कि हम लोग गंदा काम करते हैं. इसलिए वो हमे छोड़कर जा रहे हैं और मेरी मम्मी को तलाक दे रहे हैं. डॉली ने ये भी कहा कि उन्हें अपने पिता से नफरत हो गई थी. डॉली ने खुलासा किया कि उनके पिता ने उनकी मां को छोड़ने के बाद दो-तीन और शादियां की हैं. उनके पिता कम से कम 3-4 शादियां कर चुके हैं. डॉली ने कहा कि उस समय वो इतनी छोटी थीं कि समझ नहीं पाती थीं कि उनके परिवार के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है.

पांचवीं क्लास से बदल गई जिंदगी

डॉली ने बताया कि जब वो पांचवीं क्लास में थीं, तभी उनके पिता लंबे समय तक घर से दूर रहने लगे थे. धीरे-धीरे परिवार पूरी तरह उनकी मां के भरोसे रह गया. उन्होंने कहा कि आज भी उनके मन में ये सवाल उठता है कि कोई पिता अपने ही बच्चों के साथ ऐसा बेहेवियर कैसे कर सकता है.

आर्थिक तंगी में बीता बचपन

डॉली ने बताया कि पिता के अलग होने के बाद परिवार को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा. उनके मुताबिक, कई बार घर में खाने तक के पैसे नहीं होते थे. ऐसे समय में उनकी मां ने अपने गहने और घर का सामान बेचकर बच्चों की परवरिश की. उन्होंने कहा कि बाद में बड़ी बहन उर्फी जावेद और उरुसा जावेद ने काम करना शुरू किया और घर की आर्थिक जिम्मेदारी उठाई. परिवार ने मिलकर मुश्किल हालात का सामना किया और धीरे-धीरे जिंदगी फिर पटरी पर आई.

ये भी पढ़ें: अब कैसी है Pawan Kalyan की हालत? सर्जरी के बाद पत्नी ने दिया हेल्थ अपडेट, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने भी की मुलाकात