यवतमाल में बार-बार फूटी जलापूर्ति पाइपलाइन, कीचड़ और गड्ढों से तंग नागरिकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
-
Written By:
केतकी मोडक
Updated On: Jul 13, 2026 | 03:40 PM IST
विज्ञापन
सार
Yavatmal Water Issues: यवतमाल के सिंचन नगर में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की पाइपलाइन बार-बार फूटने से सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गई हैं। अस्थायी मरम्मत से नाराज नागरिकों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

प्रतिकात्मक तस्वीर (सोर्स- AI)
विस्तार
Maharashtra Jeevan Pradhikaran Water Leakage: महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की बार-बार फूट रही जलापूर्ति पाइपलाइन के कारण सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। पूरे परिसर में कीचड़ फैलने से आवागमन खतरनाक बन गया है। महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की लापरवाही के कारण यवतमाल शहर के सिंचन नगर भाग क्रमांक 1 के नागरिक पिछले कई महीनों से भारी परेशानी झेल रहे हैं। इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित अधिकारी और कर्मचारी केवल अस्थायी मरम्मत कर चले जाते हैं।
इससे नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पाइपलाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पानी सड़कों पर बह जाता है। इसके चलते सड़कें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को रोजाना इस मार्ग से जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किलें
बारिश के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो गई है। बारिश का पानी और पाइपलाइन से बहने वाला पानी एकत्र होने से पूरी सड़क कीचड़मय हो गई है। इसके कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और कई बार नागरिकों के फिसलकर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। इन गड्ढों में मवेशी भी गिर रहे हैं और वहीं जमा दूषित पानी पीने की नौबत उन पर आ रही है। जलापूर्ति पाइपलाइन फूटने से दूषित पानी पीने के पानी में मिल जाने की आशंका निर्माण हो गई है।
सम्बंधित ख़बरें
इससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। नागरिकों ने जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने की भी चिंता व्यक्त की है। स्थानीय नगरसेवकों द्वारा भी इस गंभीर समस्या की अनदेखी किए जाने का आरोप रहवासियों ने लगाया है। नागरिकों की बार-बार मांग के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। समस्या से परेशान होकर अब सिंचन नगर भाग क्रमांक 1 के नागरिक बड़े आंदोलन की तैयारी में हैं।
संबंधित विभाग तत्काल स्थायी रूप से पाइपलाइन की मरम्मत करे, सड़क का पुनर्निर्माण करे, दूषित जलापूर्ति बंद करे तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करे, ऐसी मांग नागरिकों ने की है। इस दौरान सिंचन नगर परिसर के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:- यवतमाल: मारेगांव में पगडंडी सड़कों पर अतिक्रमण से बढ़ी हिंसक झड़पें, खेतों तक ट्रैक्टर ले जाना हुआ मुश्किल
फूटी पाइपलाइन पर हर बार अस्थायी मरम्मत
पिछले 3 महीनों से यह समस्या बनी हुई है, बावजूद इसके महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा है। बार-बार फोन और लिखित शिकायत करने के बाद भी कर्मचारियों द्वारा केवल अस्थायी मरम्मत की जाती है। कुछ दिनों बाद फिर से पाइपलाइन फूट जाती है और नागरिकों की परेशानी दोबारा शुरू हो जाती है। इस समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया, तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण प्रशासन की होगी, ऐसी चेतावनी संतप्त नागरिकों ने दी है।
