बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर ने किया नामांकन, जन सुराज के शक्ति प्रदर्शन से पटना की सड़कों पर दिखा भारी हुजूम
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर ने नामांकन किया। इस दौरान जन सुराज ने बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा भी आज नामांकन करेंगे।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर ने नामांकन किया।
- Published: 13 Jul 2026, 02:34 PM IST
- Last Updated: 13 Jul 2026, 02:54 PM IST
Bankipur By Election 2026: बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन के आखिरी दिन जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर (PK) ने अपना पर्चा भरा। नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने जन सुराज की ओर से पटना में भव्य शक्ति प्रदर्शन किया, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
शक्ति प्रदर्शन से गूंजी पटना की सड़कें
नामांकन के लिए निकलने से पहले प्रशांत किशोर पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद समर्थकों ने बाइक रैली निकाली और प्रशांत किशोर के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर #BankipurWithPK #prashantkishor pic.twitter.com/v8Yabrml3e
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) July 13, 2026
रोड शो के दौरान पीके कुछ दूर तक कार्यकर्ताओं के साथ पैदल भी चले। समर्थकों की भारी संख्या के कारण पटना की सड़कों पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा।
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी की ओर से अपना नामांकन दाखिल किया। #BankipurWithPK #prashantkishor pic.twitter.com/VLUHyeQquP
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) July 13, 2026
'बिहार की बदलती तस्वीर का नामांकन'
नामांकन से पूर्व मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "आज केवल मेरा नामांकन नहीं हो रहा है, बल्कि यह बिहार की बदलती हुई राजनीतिक तस्वीर का नामांकन है।"
पर्चा भरने जाने से पहले प्रशांत किशोर ने सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में अपनी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से भगवान का आशीर्वाद लिया और राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) July 13, 2026
बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा भी मैदान में
बांकीपुर उपचुनाव की रेस में बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा भी मजबूती से डटे हुए हैं। वे भी आज अपना नामांकन करने वाले हैं। नामांकन से पहले उन्होंने पंचरूपी हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ किया और नवीन सिन्हा स्मृति पार्क जाकर नितिन नवीन के पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आमने-सामने आए समर्थक
पटना में चुनावी प्रचार के दौरान राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरम दिखा। रोड शो के दौरान बीजेपी और जन सुराज के कार्यकर्ताओं का आमना-सामना भी हुआ, जिससे राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई। बांकीपुर सीट पर होने वाला यह मुकाबला अब बेहद दिलचस्प होता जा रहा है, जहां दोनों प्रमुख प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।