August 23, 2026

झारखंड के सरकारी स्कूलों में छुट्टी के दिन भी होगी पढ़ाई: रक्षाबंधन और रविवार को खुलेंगे स्कूल, जानिए वजह - Haribhoomi

झारखंड के सरकारी स्कूलों में छुट्टी के दिन भी होगी पढ़ाई: रक्षाबंधन और रविवार को खुलेंगे स्कूल, जानिए वजह

झारखंड में 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार के अवकाश के दिन भी सरकारी स्कूल खुलेंगे। बच्चों के लिए विशेष खेल अभियान चलाया जाएगा।

Jharkhand Raksha Bandhan school open

झारखंड में 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार के अवकाश के दिन भी सरकारी स्कूल खुलेंगे।

  • Published: 23 Aug 2026, 01:38 PM IST
  • Last Updated: 23 Aug 2026, 01:38 PM IST

Jharkhand News: झारखंड के सरकारी विद्यालयों से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। राज्य के सरकारी स्कूल आगामी 28 अगस्त (रक्षाबंधन) और 30 अगस्त (रविवार) को अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह की ओर से इस संबंध में आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला शिक्षा अधीक्षकों (DSE) को इस बारे में पत्र भेजकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' अभियान के तहत विशेष आयोजन
निर्धारित आदेश के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन यानी 28 अगस्त को स्कूल सुबह 9 बजे से 10 बजे तक संचालित होंगे। इस दौरान विद्यालयों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। केंद्र सरकार के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप, 28 से 30 अगस्त तक 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' विषय के तहत एक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत स्कूलों में विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

विद्यार्थियों के लिए खेल गतिविधियों का होगा आयोजन
स्कूली शिक्षा विभाग द्वारा इन तीन दिनों (28 से 30 अगस्त) के दौरान होने वाली गतिविधियों का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करना और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना है। यह अभियान केवल सामान्य सरकारी विद्यालयों तक ही सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और निजी संस्थानों में भी इन तीन दिनों के दौरान विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिक्षकों को मिलेगा क्षतिपूरक अवकाश
छुट्टी के दिन स्कूल खोले जाने और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग की ओर से बताया गया है कि अवकाश के दिनों में विद्यालय संचालित करने के एवज में शिक्षकों को अलग से क्षतिपूरक अवकाश (कंपन्सेटरी लीव) प्रदान किया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने और सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।