August 23, 2026

'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब हमारा इलाका', ट्रंप ने मैप शेयर करते हुए किया ऐलान, बढ़ा जंग का खतरा

'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब हमारा इलाका', ट्रंप ने मैप शेयर करते हुए किया ऐलान, बढ़ा जंग का खतरा

Time Published: Sunday, August 23, 2026, 8:24 [IST]

Trump Strait of Hormuz Claim: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है। उन्होंने रविवार को ट्रूथ सोशल पर पोस्ट शेयर करते हुए इसे अमेरिका का नया इलाका बताया। ट्रंप के इस बयान से ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और बढ़ता नजर आ रहा है।

ईरान पहले ही साफ कर चुका है कि जब तक अमेरिका अपना रुख नहीं बदलता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा नहीं खोला जाएगा। ऐसे में ट्रंप का ताजा बयान दोनों देशों के बीच जारी टकराव को और हवा दे सकता है।

Trump Strait of Hormuz claim

ट्रंप ने फिर दोहराया होर्मुज पर दावा

डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अमेरिका का इलाका बनाने की बात कह चुके हैं। 18 अगस्त को उन्होंने इसी तरह की तस्वीर शेयर करते हुए कहा था कि जल्द ही इसे अमेरिकी इलाका घोषित किया जाएगा। इससे पहले 14 अगस्त को लॉन्ग आइलैंड में भी ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका बहुत जल्द होर्मुज पर अपना अधिकार घोषित करेगा। रविवार का उनका पोस्ट इसी रुख को दोहराता है और ईरान के साथ तनाव को बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: भारत के CEC ज्ञानेश कुमार के मुरीद हुए ट्रंप, उनके सलाह पर अमेरिका में बनेगा कानून, क्या है SAVE America ACT?

ईरान ने अमेरिका को सुनाई खरी-खरी

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मोहसिन रेज़ाई पहले ही अमेरिका के दावे पर तीखी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि होर्मुज को दोबारा खोलने में अमेरिका की नाकामी और उस पर मालिकाना हक जताने के दावे के बीच का अंतर हजारों मील की दूरी से भी ज्यादा है। उन्होंने तंज कसते हुए फारस की खाड़ी में 'पोस्ट अमेरिकन ऑर्डर' का स्वागत करने की बात भी कही थी।

ईरान पर नए प्रतिबंधों की तैयारी

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ईरान के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ईरान के खिलाफ अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंधों की घोषणा कर सकते हैं। अमेरिका चीन से भी ईरानी तेल के निर्यात को लेकर सहयोग करने की अपील कर रहा है। चीन ईरानी तेल का बड़ा खरीदार है। ऐसे में नए प्रतिबंधों का असर ईरान के साथ-साथ उसके प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर भी पड़ सकता है।

ये भी पढे़ं: 'मदद करने वालों की खैर नहीं!', ईरान की घेराबंदी में जुटे डोनाल्ड ट्रंप, सभी देशों को दी खुली चेतावनी

सेकेंडरी प्रतिबंधों पर ईरान की चेतावनी

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिकी प्रतिबंधों की आलोचना की है। उनका कहना है कि अमेरिका अपनी सीमाओं से बाहर अपने अधिकार थोपने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि सेकेंडरी प्रतिबंधों का अंतरराष्ट्रीय कानून में कोई आधार नहीं है। वहीं मोहसिन रेज़ाई ने पड़ोसी देशों को भी अमेरिका के आर्थिक अभियान का समर्थन नहीं करने की चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि जो देश अमेरिका के आर्थिक युद्ध में शामिल होंगे, उन्हें ईरान दुश्मन मानेगा।