इंग्लैंड से मिली करारी हार के साथ पाकिस्तान के नाम जुड़ा ये शर्मनाक रिकॉर्ड, भारत भी लिस्ट में
Aug 22, 2026 12:41 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
पाकिस्तान के नाम इंग्लैंड के खिलाफ मिली पहले टेस्ट में पारी और 103 रनों की बड़ी हार के साथ एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गाया है। लीड्स में खेले गए मुकाबले की दोनों पारियों में उन्होंने पहला विकेट 0 पर खोया।

इमाम उल हक
पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों पहले टेस्ट में पारी और 103 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ पाकिस्तान के नाम एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया है, जिसके बारे में आपने भी पहले शायद ही सुना होगा। टेस्ट क्रिकेट में ऐसा होता रहता है जब कोई टीम बिना स्कोरबोर्ड पर रन बनाए विकेट खो देती है। मगर जब यह घटना दो पारियों में हो तो वह हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचती है। पाकिस्तान के साथ भी लीड्स टेस्ट के दौरान ऐसा ही हुआ। पहली पारी में ओली रॉबिन्सन ने अजान अवैस को मैच की पहली गेंद पर प्लैटिनम डक पर आउट किया। इसके बाद दूसरी पारी में इमाम उल हक बिना खाता खोले आउट हो गए। इमाम ने इस पारी में 5 गेंदें खेली। पारी की कुल 11वीं गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस दौरान भी पाकिस्तान के स्कोरबोर्ड पर एक भी रन नहीं था।
पाकिस्तान ने टेस्ट की दोनों पारियों में 7वीं बार अपना पहला विकेट 0 रन पर गंवाया, जो एक रिकॉर्ड है। इंग्लैंड 5 बार ऐसा करके दूसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया 4 बार के साथ तीसरे तो भारत 2 बार के साथ चौथे पायदान पर है।
इंग्लैंड ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को तीन दिन के अंदर ही पारी और 103 रन से हरा दिया जिससे वापसी करने वाले कप्तान जो रूट के नेतृत्व में यह जीत बैजबॉल के बाद के नए दौर की शानदार शुरुआत रही। तीसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी 409 रन पर समाप्त हुई। इससे उसे पाकिस्तान पर 238 रन की बढ़त मिली। इसके बाद इंग्लैंड ने पाकिस्तान की दूसरी पारी को सिर्फ 135 रन पर समेट दिया। पाकिस्तान की पारी 37.3 ओवर में खत्म हो गई।
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा टेस्ट बृहस्पतिवार से लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
इंग्लैंड के चार तेज गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और पाकिस्तान के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
जोफ्रा आर्चर ने नयी गेंद से पाकिस्तान के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया। ओली रॉबिन्सन ने तीन और विकेट लिए।
लंच के बाद जोश टंग को गेंदबाजी पर लगाया गया और उन्होंने करीब 143 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए। गुस एटकिंसन ने भी शानदार गेंदबाजी की और पाकिस्तान के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मोहम्मद रिजवान का विकेट हासिल किया।
रॉबिन्सन और टंग ने इस मैच में आठ-आठ विकेट लिए। पहली पारी में पांच-पांच विकेट लेने के बाद दोनों ने तीन तीन विकेट लिए।
लेखक के बारे में
Lokesh Khera
लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंSee Less
