August 22, 2026

कोदिनार को गुजरात का श्रीहरिकोटा बनाने की तैयारी, क्या है सरकार का प्लान और कैसे होगा पूरा?

गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में जल्द ही अंतरिक्ष गतिविधियों को नई उड़ान मिलने वाली है. सौराष्ट्र क्षेत्र में कोदिनार के पास एक अंतरिक्ष प्रक्षेपण स्टेशन (स्पेसपोर्ट) स्थापित किया जाएगा. राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया (Arjun Modhwadia) ने शुक्रवार (21 अगस्त) को इसकी घोषणा की. मंत्री ने अहमदाबाद के साइंस सिटी में तीन दिवसीय अंतरिक्ष महोत्सव के शुभारंभ किया. इसी अवसर पर उन्होंने सौराष्ट्र क्षेत्र में कोदिनार के पास एक अंतरिक्ष प्रक्षेपण स्टेशन (स्पेसपोर्ट) स्थापित करने का ऐलान किया.

मंत्री मोढवाडिया ने कार्यक्रम में कहा ‘अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के मामले में गुजरात आज भारत के अग्रणी राज्यों में से एक है. अहमदाबाद में भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (IN-SPACe) का मुख्यालय है, वहीं अब सौराष्ट्र के कोदिनार के पास एक नया (अंतरिक्ष) प्रक्षेपण केंद्र स्थापित करने का काम चल रहा है. राज्य में उपग्रह निर्माण के लिए विशेष प्रोत्साहन दिए जाते हैं.

अंतरिक्ष गतिविधियों के लिए उपयुक्त क्षेत्र

राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST)के अधिकारियों ने बताया कि कोदिनार के पास स्पेसपोर्ट बनाने को लेकर पिछले काफी समय से चर्चा चल रही है. अधिकारियों के मुताबिक इस क्षेत्र को अंतरिक्ष संबंधी गतिविधियों के लिए उपयुक्त माना जाता है. भारत का प्राथमिक अंतरिक्ष बंदरगाह आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में है , जबकि तमिलनाडु के कुलसेकरपट्टिनम में दूसरा अंतरिक्ष बंदरगाह स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है. ऐसे में गुजरात में प्रस्तावित केंद्र राज्य को देश के बढ़ते निजी और व्यावसायिक अंतरिक्ष क्षेत्र से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

ISRO के सहयोग से साइट का आकलन

DST के अधिकारी के मुताबिक ‘काम अभी शुरुआती चरण में है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के सहयोग से साइट का तकनीकी आकलन और मूल्यांकन किया जा रहा है. निर्णय हो जाने के बाद आगे का काम शुरू किया जाएगा’. इससे पहले की रिपोर्टों में गिर और कोदिनार के बीच के तटीय क्षेत्र को गुजरात में अंतरिक्ष संबंधी गतिविधियों के लिए एक संभावित क्षेत्र के रूप में बताया गया था. मार्च में मंत्री मोधवाडिया ने विधानसभा को बताया था कि एक स्थल की पहचान की जा रही है.

धोलेरा में पहला रॉकेट लॉन्च

राज्य में इस क्षेत्र में निजी क्षेत्र की शुरुआती गतिविधियां भी देखने को मिली हैं. इसी साल की शुरुआत में धोलेरा में एक स्टार्टअप ने अपना पहला रॉकेट लॉन्च किया था, जिसमें एक साउंडिंग रॉकेट को सफलतापूर्वक दागा गयाथा. विशेषज्ञों का अनुमान है कि राज्य में 20 से अधिक स्टार्टअप और संगठन अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जबकि IN-SPACe ने इस साल अहमदाबाद के पास खोराज में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के लिए एक विशेष क्षेत्र की घोषणा की है.

23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस

भारत 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाता है. यह दिन 2023 में चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में सफल लैंडिंग की याद में मनाया जाता है. ऐसे समय में गुजरात की ओर से स्पेसपोर्ट की घोषणा राज्य की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को और मजबूत करने वाली है.

जूही उरूषा खान

जूही उरूषा खान

जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में  एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.

Read More

google button