August 22, 2026

अमेरिका में धूम-धाम से मनेगी दीपावली, कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली ने पारित किया दिवाली डे प्रस्ताव

अमेरिका में धूम-धाम से मनेगी दीपावली, कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली ने पारित किया दिवाली डे प्रस्ताव

Time Published: Saturday, August 22, 2026, 8:28 [IST]

California Assembly Diwali Day: अमेरिका में भारतीय समुदाय के लिए दिवाली को लेकर एक बड़ी और खास खबर सामने आई है। कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली ने इस साल 8 नवंबर 2026 को दिवाली डे के तौर पर मान्यता देने वाला प्रस्ताव पारित किया है। यह प्रस्ताव असेंबली सदस्यों दर्शना पटेल और ऐश कालरा ने पेश किया था।

प्रस्ताव के जरिए कैलिफोर्निया के लोगों से दिवाली के इस खुशी भरे उत्सव में शामिल होने की अपील की गई है। साथ ही, भारतीय और दक्षिण एशियाई अमेरिकी समुदाय के योगदान और उनकी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान भी जताया गया है। इसे भारतीय समुदाय के लिए अहम कदम माना जा रहा है।

California Assembly Diwali Day

कैलिफोर्निया असेंबली ने दी दिवाली को मान्यता

कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली ने गुरुवार को प्रस्ताव पारित कर रविवार, 8 नवंबर 2026 को दिवाली डे के रूप में मान्यता दी। प्रस्ताव में राज्य के सभी नागरिकों को इस खास दिन के उत्सव में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इसे असेंबली सदस्यों दर्शना पटेल और ऐश कालरा ने पेश किया था। प्रस्ताव के जरिए भारतीय अमेरिकियों और दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया गया है।

ये भी पढे़ं: Delhi Free LPG Cylinder: दिल्ली में फ्री गैस सिलेंडर, कब-कब मिलेगा? ₹260 करोड़ बजट का बड़ा ऐलान, जानिए डिटेल

हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन समुदाय का प्रमुख त्योहार

प्रस्ताव में दिवाली को भारतीय और दक्षिण एशियाई अमेरिकियों के लिए महत्वपूर्ण त्योहार बताया गया है। इसमें कहा गया कि अमेरिका समेत दुनिया के कई हिस्सों में हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन समुदाय के लोग हर साल दिवाली मनाते हैं। दीपावली परिवार, दोस्तों और समुदायों को एक साथ जोड़ने वाला पर्व है। यह उदारता, एकता, खुशी और कृतज्ञता जैसे मूल्यों को बढ़ावा देता है और लोगों को आपसी सद्भाव का संदेश देता है।

रोशनी से जगमगाते हैं घर, पटाखों से मनता है जश्न

दिवाली को 'रोशनी का त्योहार' भी कहा जाता है। इस मौके पर घरों और आसपास के इलाकों को मोमबत्तियों, दीयों और मिट्टी के दीपों से सजाया और रोशन किया जाता है। लोग अच्छे स्वास्थ्य, ज्ञान, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। कई जगहों पर आतिशबाजी के जरिए भी जश्न मनाया जाता है। दिवाली का यह रंगीन और उत्साहपूर्ण माहौल भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को दुनिया के सामने पेश करता है।

ये भी पढे़ं: Diwali Burn Cases: दिल्ली-जयपुर में 350+ झुलसे, शिमला में करोड़ों की संपत्ति राख, पटाखों की चपेट में ये राज्य

बुराई पर अच्छाई की जीत का देता है संदेश

कैलिफोर्निया असेंबली के प्रस्ताव में दिवाली को बुराई पर अच्छाई की जीत और नकारात्मकता से मुक्ति का प्रतीक बताया गया है। यह पर्व लोगों को मुश्किल परिस्थितियों में भी विनम्रता, दयाभाव और सकारात्मक सोच बनाए रखने की प्रेरणा देता है। प्रस्ताव के जरिए कैलिफोर्निया के लोगों को इस खुशी के मौके का हिस्सा बनने की अपील की गई है। दिवाली को आधिकारिक मान्यता मिलना अमेरिका में भारतीय संस्कृति की बढ़ती स्वीकार्यता को भी दर्शाता है।