August 21, 2026

Lung Cancer Symptoms: कैंसर होने पर भी क्यों नहीं दिखते लक्षण? डॉक्टर ने बताई वजह

फेफड़ों में कैंसर होने के बावजूद क्यों नहीं दिखते लक्षण? डॉक्टर ने समझाया कारण

Updated: Fri, 21 Aug 2026 09:17 PM (IST)

लंग कैंसर के लक्षण AI image

Lung Cancer Symptoms: फेफड़ों के कैंसर में लगातार खांसी, सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण हो सकते हैं. लेकिन शुरुआत में कई लोगों को कोई खास परेशानी महसूस नहीं होती. कई बार कैंसर धीरे-धीरे अंदर ही अंदर बढ़ता रहता है. जब ट्यूमर बड़ा हो जाता है या शरीर के आसपास के हिस्सों पर असर डालने लगता है, तब इसके लक्षण दिखाई देने लगते हैं. इससे बीमारी का पता चलने और इलाज शुरू होने में देर हो सकती है. शुरुआत में ट्यूमर छोटा होता है, इसलिए फेफड़े अपना काम सामान्य रूप से करते रहते हैं और व्यक्ति को ज्यादा परेशानी महसूस नहीं होती. भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल, रांची के कंसल्टेंट - मेडिकल ऑन्कोलॉजी, डॉ. सतीश शर्मा बताते हैं कि कई बार इसके लक्षण बहुत हल्के होते हैं. लोग इन्हें सामान्य खांसी-जुकाम, मौसम बदलने या धूम्रपान के कारण होने वाली परेशानी समझ लेते हैं. इस वजह से कैंसर का समय पर पता नहीं चल पाता और बीमारी आगे बढ़ कर गंभीर रूप ले सकती है.

शुरुआती लक्षणों को पहचानना मुश्किल हो सकता है

प्रभात खबर से बात करते हुए डॉ. सतीश शर्मा ने बताया कि, "फेफड़ों के कैंसर की शुरुआत में ट्यूमर बहुत छोटा होता है. इसलिए सांस लेने में कोई बड़ी परेशानी नहीं होती. फेफड़े अपना काम सामान्य रूप से करते रहते हैं, इसलिए व्यक्ति को कोई खास बदलाव महसूस नहीं होता. ट्यूमर फेफड़ों के किस हिस्से में है, यह भी बहुत मायने रखता है. अगर ट्यूमर ऐसी जगह हो, जहां वह सांस लेने या आसपास के अंगों को प्रभावित न करे, तो कैंसर धीरे-धीरे बढ़ता रहता है, लेकिन इसके लक्षण दिखाई नहीं देते. इसी कारण कई बार फेफड़ों के कैंसर का पता बीमारी बढ़ने के बाद चलता है."

इन लक्षणों को ना करें नजरअंदाज

  • लगातार खांसी और सांस फूलना- अगर खांसी कई हफ्तों तक जारी रहे या सामान्य पैटर्न से अलग हो, तथा आम तौर से आसानी से होने वाले दैनिक काम करने पर भी सांस लेने में तकलीफ महसूस होती हो, तो इसे नजरअंदाज ना करें.
  • डेली एक्टिविटीज के दौरान सांस फूलना- बलगम में खून आना – अगर खांसी के साथ खून आए, तो फौरन डॉक्टर को दिखाना चाहिए.
  • सीने में लगातार दर्द महसूस होना- खासकर खांसते या सांस लेते समय अगर सीने में लगातार दर्द या बेचैनी महसूस हो, तो उसकी जांच कराएं.
  • बिना वजह वजन घटना- अपने आहार या व्यायाम की दिनचर्या में बदलाव किए बिना अगर वजन कम हो रहा है, तो यह कोई आम लक्षण नहीं है.
  • छाती में बार-बार संक्रमण होना- अगर बार-बार ब्रोंकाइटिस या निमोनिया होता है, तो उसके कारण की जांच करानी चाहिए.

फेफड़ों के कैंसर की जांच

फेफड़ों के कैंसर का जल्दी पता लगाने के लिए समय पर डॉक्टर को दिखाना जरूरी है. अगर लंबे समय से खांसी, सांस लेने में परेशानी या कोई दूसरी असामान्य समस्या हो, तो जांच करवानी चाहिए. डॉक्टर आपकी बीमारी और मेडिकल हिस्ट्री देखकर जरूरी टेस्ट करवाते हैं. छाती का एक्स-रे या सीटी स्कैन फेफड़ों में किसी परेशानी या बदलाव का पता लगाने में मदद करता है. अगर जांच में कुछ गड़बड़ी दिखती है, तो डॉक्टर कुछ और टेस्ट करवा सकते हैं. इससे पता चलता है कि कैंसर है या नहीं और अगर है, तो किस प्रकार का और कितनी गंभीर अवस्था में है. कैंसर का जल्दी पता चलने पर इलाज के ज्यादा ऑप्शन मिल सकते हैं.

समय पर डॉक्टर को दिखाना जरूरी

समय पर डॉक्टर को दिखाने से बीमारी का कारण जल्दी पता चल सकता है और जरूरत होने पर इलाज भी समय पर शुरू किया जा सकता है. अगर लंबे समय से खांसी, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द या कोई और परेशानी हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें. समस्या बढ़ रही हो तो डॉक्टर से जरूर मिलें. इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि कैंसर किस तरह का है, कितना फैल चुका है और मरीज की सेहत कैसी है. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर ऑपरेशन से ट्यूमर निकाल सकते हैं. इसके अलावा रेडिएशन या कीमोथेरेपी भी दी जा सकती है. कुछ मरीजों को टारगेटेड थेरेपी या इम्यूनोथेरेपी भी दी जाती है. अगर कैंसर का जल्दी पता चल जाए, तो इलाज आसान हो सकता है और ऑपरेशन भी किया जा सकता है. कैंसर ज्यादा फैल जाने पर कई तरह के इलाज एक साथ करने पड़ सकते हैं.

फेफड़ों के कैंसर के शुरुआती लक्षण कई बार आसानी से समझ नहीं आते. लेकिन अगर कोई परेशानी लंबे समय तक रहे या कुछ अलग महसूस हो, तो उसे नजरअंदाज न करें. समय पर डॉक्टर को दिखाने और जांच कराने से बीमारी का जल्दी पता चल सकता है. इससे सही समय पर सही इलाज शुरू करने में मदद मिलती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

Tags