- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Farrukhabad
- Farrukhabad Lohia Hospital Patient Death | Family Alleges Negligence
लोहिया अस्पताल में मरीज की मौत:परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, पुलिस को दी सूचना
फर्रुखाबाद41 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के दौरान 65 साल के मरीज की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया है।
रात 3 बजे सांस फूलने पर कराया था भर्ती
कादरी गेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट निवासी सुखराम को सांस फूलने की समस्या थी। उनके भतीजे किशन ने शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे उन्हें लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, भर्ती के दौरान सुखराम को एक इंजेक्शन भी लगाया गया।
परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी से मरीज को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन इसके बाद उनका उचित उपचार नहीं किया गया। उनका यह भी आरोप है कि वार्ड में भर्ती रहने के दौरान मरीज को ऑक्सीजन नहीं लगाई गई।

वार्ड शिफ्ट करने की तैयारी के दौरान मौत
किशन के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी बदलने के बाद नए स्टाफ ने सुखराम को ऊपरी वार्ड में शिफ्ट करने की बात कही। शिफ्टिंग की तैयारी चल ही रही थी कि इसी दौरान उनकी मौत हो गई। मरीज की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों ने वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया। बाद में वे शव को वार्ड में छोड़कर अस्पताल परिसर में आ गए और डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस पहुंची, सीएमएस ने देखी मरीज की फाइल
सूचना पर पुलिस टीम लोहिया अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। अस्पताल के सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक मरीज की फाइल का अवलोकन किया।
सीएमएस ने बताया कि डॉक्टर ने मरीज का पूरा उपचार किया था। मरीज की हालत गंभीर होने की जानकारी परिजनों को पहले ही दे दी गई थी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने की सलाह भी दी गई थी।

सीएमएस बोले- परिजनों ने लिखित सहमति दी थी
डॉ. जगमोहन शर्मा के अनुसार, परिजन मरीज को हायर सेंटर ले जाने के लिए तैयार नहीं हुए थे। इस संबंध में उन्होंने लिखित सहमति भी दी थी। सीएमएस ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को निराधार बताया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई है। अस्पताल प्रशासन और परिजनों के आरोपों के बीच मरीज की मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए उपलब्ध रिकॉर्ड और उपचार संबंधी दस्तावेजों को देखा जा रहा है।
.