![]()
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
Photo :
AP
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इसे “NEW U.S. Territory” बताने वाले AI-जनरेटेड पोस्ट पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी अधिकारियों ने ट्रंप के दावे को भ्रम बताते हुए कहा कि उनका यह भ्रम जल्द दूर किया जाएगा।
ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रंप की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ट्रंप ने “शाश्वत फारस की खाड़ी” का नाम सही लिखा है, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर उनका भ्रम जल्द या तो परिस्थितियों से दूर होगा या फिर ईरान इसे दूर करेगा। उन्होंने ट्रंप को निशाने पर लेते हुए लिखा कि होर्मुज को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा वास्तविकता से परे है।
ट्रंप ने शेयर की 'न्यू यूएस टेरिटरी' वाली तस्वीर
ट्रंप ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर होर्मुज जलडमरूमध्य की एक AI-जनरेटेड तस्वीर साझा की। तस्वीर में रणनीतिक जलमार्ग को नीले रंग में दिखाया गया था और उसके चारों ओर “NEW U.S. Territory” लिखा हुआ था। यह पोस्ट ऐसे समय आई है जब ट्रंप लगातार होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा कर रहे हैं। एक दिन पहले भी उन्होंने कहा था कि अमेरिका का इस महत्वपूर्ण जलमार्ग पर “पूरी तरह नियंत्रण” है। ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि जलडमरूमध्य खुला है और तेल की कीमतें नीचे जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के नियंत्रण में होने के कारण इसे अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने का विचार उन्हें अच्छा लगता है।
ईरान बोला- अमेरिका की क्षमता और दावे में बड़ा अंतर
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के नवनियुक्त प्रमुख मोहसिन रजाई ने भी ट्रंप के दावे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने की अमेरिका की क्षमता और उसे अपना क्षेत्र बताने के दावे के बीच बहुत बड़ा अंतर है। रजाई ने कहा कि वॉशिंगटन और होर्मुज के बीच करीब 7,000 मील की दूरी से भी ज्यादा बड़ा अंतर अमेरिका की वास्तविक क्षमता और उसके दावों में है।
ईरान ने जलडमरूमध्य खोलने से जोड़ी शर्तें
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघर गालिबफ ने कहा है कि अमेरिका की ओर से कुछ शर्तें पूरी किए जाने तक होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोला जाएगा। उनके मुताबिक, अमेरिका को कथित नाकाबंदी हटाने, ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियां जारी करने और तेल प्रतिबंध हटाने सहित समझौते में किए गए अन्य वादों को पूरा करना होगा। गालिबाफ ने यह भी कहा कि ईरान अपनी सैन्य और कूटनीतिक रणनीति को साथ लेकर आगे बढ़ेगा और किसी भी कथित उल्लंघन का जवाब देने के लिए तैयार है।
दुनिया के लिए क्यों अहम है होर्मुज?
होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान और अरब प्रायद्वीप के बीच स्थित एक बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। यही वजह है कि इस क्षेत्र में तनाव बढ़ने पर इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग पर पड़ सकता है।
फिलहाल अमेरिका और ईरान के बयानों में भारी विरोधाभास है। वॉशिंगटन होर्मुज पर अपने प्रभाव और नियंत्रण की बात कर रहा है, जबकि तेहरान अमेरिकी दावों को खारिज करते हुए जलडमरूमध्य को लेकर अपना रुख सख्त बनाए हुए है। ऐसे में इस रणनीतिक जलमार्ग की स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
![]()
पूजा कुमारीauthor
पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- World
End of Article