Beed News: महाराष्ट्र के बीड से अस्पताल में मेडिकल लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सीजेरियन डिलीवरी के बाद एक महिला की हालत गंभीर हो गई. परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट के अंदर दस्ताने और कागज के रुमाल रह गए. इसके बाद महिला को तेज पेट दर्द होने लगा और हालत बिगड़ती चली गई. मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित डॉक्टर और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है.
1 अगस्त को हुआ था सीजेरियन ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, बीड की रहने वाली संध्या सूरज गायकवाड़ की 1 अगस्त को बीड जिला अस्पताल में सीजेरियन सर्जरी हुई थी. ऑपरेशन के बाद उन्हें करीब चार दिन अस्पताल में रखा गया और फिर छुट्टी दे दी गई. परिवार के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद संध्या को लगातार तेज पेट दर्द होने लगा. उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे.
ये भी पढे़ं- Nashik Crime News: लिव-इन पार्टनर की गला रेतकर हत्या, 18 घंटे घर में छिपाकर रखा शव; फिर कसारा घाट में फेंका
जांच में पेट के अंदर मिली वस्तु
निजी अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों को महिला के पेट के अंदर किसी बाहरी वस्तु के होने की आशंका हुई. इसके बाद संध्या को इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल ले जाया गया. वहां उनकी दोबारा सर्जरी की गई. परिवार का दावा है कि इस ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से दस्ताने और कागज के रुमाल निकाले गए.
मां बोली- बेटी के पास बच्चे को गोद में लेने की ताकत नहीं
संध्या की मां ने अपनी बेटी की हालत को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि बेटी ने बच्चे को जन्म तो दिया, लेकिन प्रसव के बाद उसकी हालत इतनी खराब हो गई कि अब उसमें अपने बच्चे को गोद में लेने तक की ताकत नहीं है. परिवार इस पूरे मामले के लिए अस्पताल की लापरवाही को जिम्मेदार बता रहा है.
पति ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप
संध्या के पति सूरज गायकवाड़ का आरोप है कि सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों की लापरवाही हुई. उनका कहना है कि अगर ऑपरेशन के बाद पेट के अंदर कोई सामान नहीं छोड़ा जाता तो उनकी पत्नी की हालत इतनी गंभीर नहीं होती. परिवार अब मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है.
जिला सर्जन ने दिए जांच के संकेत
मामला सामने आने के बाद बीड के जिला सर्जन सतीशकुमार सोलंके ने संबंधित महिला डॉक्टर और कर्मचारियों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी और अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल संध्या का पुणे के ससून अस्पताल में इलाज चल रहा है. परिवार उनकी हालत को लेकर चिंतित है.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More