August 18, 2026

चाकू की नोक पर सोने के लॉकेट की लूट : धमतरी पुलिस ने तुरंत तीन आरोपियों को पकड़ा, लूट का माल और हथियार बरामद - Haribhoomi

चाकू की नोक पर सोने के लॉकेट की लूट : धमतरी पुलिस ने तुरंत तीन आरोपियों को पकड़ा, लूट का माल और हथियार बरामद

मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और चाकू से डराकर उसके गले में पहना सोने का लॉकेट लूटकर फरार हो गए।

Dhamtari police with the arrested robbery accused and recovered items

धमतरी में लूट के आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद सामान के साथ पुलिस टीम

  • Published: 18 Aug 2026, 05:39 PM IST
  • Last Updated: 18 Aug 2026, 05:39 PM IST

यशवंत गंजीर-धमतरी। धमतरी पुलिस ने चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 3357 बरामद कर जब्त कर ली गई है। 

सुबह 4 बजे हुई लूट
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को प्रार्थी गौतम नागरची, निवासी मौरीकला, अपनी पत्नी के साथ बठेना अस्पताल गया था। अस्पताल से लौटने के बाद वह अपनी साली के लिए भोजन लेकर दोबारा अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे गोपाला अस्पताल के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और सब्जी काटने वाले चाकू से डराकर उसके गले में पहना सोने का लॉकेट लूटकर फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 192/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि, कुछ संदिग्ध युवक आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास लूटा गया सोने का लॉकेट बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। शिनाख्तगी में प्रार्थी ने आरोपियों की पहचान की। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर लूटा गया सोने का लॉकेट, चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी

  • निलमणी विश्वकर्मा उर्फ विक्कु (20), निवासी हटकेशर, धमतरी।
  • चेतन नेताम उर्फ आदित्य नेताम (22), निवासी पंचवटी कॉलोनी, अटल आवास, धमतरी।
  • खिलावन साहू उर्फ बदे (20), निवासी लोहरसी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी।

भेजे गए जेल
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)