August 16, 2026

Sawan Vrat Special: सावन व्रत में हरी चटनी संग बनाएं कुरकुरे साबूदाना-आलू वड़ा, आसान है रेसिपी

कल सावन का तीसरा सोमवार है. कल कई लोग भगवान शिव के लिए उपवास रखते हैं. ऐसे में अगर आप भी सुबह नाश्ते में सादे आलू ही खाने की सोच रहे हैं तो यहां हम आपको स्वादिष्ट और झटपट बनने वाले साबूदाना वड़ा की रेसिपी बता रहे हैं जिसे खाने के बाद आपको बार-बार भूख नहीं लगेगी.

साबूदाना और आलू से बना यह वड़ा बाहर से एकदम क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट होता है. हालांकि, कई लोगों की शिकायत होती है कि तलते समय उनके वड़े फटने लगते हैं या फिर बहुत ज्यादा तेल सोख लेते हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो चिंता की कोई बात नहीं. आज हम आपको बताने जा रहे हैं परफेक्ट, कुरकुरे और बिना फटने वाले साबूदाना वड़ा और उसके साथ सर्व की जाने वाली चटपटी फलाहारी चटनी की बेहद आसान रेसिपी.

व्रत वाली चटपटी हरी चटनी की रेसिपी
सामग्री: हरा धनिया (1 कप), सेंधा नमक (स्वादानुसार), हरी मिर्च (2-3), भुनी हुई मूंगफली (2 बड़े चम्मच), जीरा (1/2 छोटा चम्मच), नींबू का रस (1 चम्मच).

सम्बंधित ख़बरें

बनाने की विधि: मिक्सी के जार में हरा धनिया, हरी मिर्च, जीरा, सेंधा नमक, भुनी मूंगफली, नींबू का रस और 2 चम्मच पानी डालकर स्मूथ पीस लें. (मूंगफली डालने से चटनी में बढ़िया गाढ़ापन और स्वाद आता है).

क्रिस्पी साबूदाना वड़ा की रेसिपी
आवश्यक सामग्री:
साबूदाना: 1 कप (4-5 घंटे भिगोया हुआ)

उबले आलू: 3 मध्यम आकार के (मैश किए हुए)

दरदरी पिसी भुनी मूंगफली: 1/2 कप

हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)

अदरक: 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)

सेंधा नमक: स्वादानुसार

काली मिर्च पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच

हरा धनिया: बारीक कटा हुआ

तेल/घी: तलने के लिए

वड़ा बनाने की विधि:
भिगोए हुए साबूदाने का पूरा पानी छलनी से निकाल लें. साबूदाना हाथ से दबाने पर पूरी तरह मैश होना चाहिए लेकिन आपस में चिपचिपा नहीं होना चाहिए.

एक बड़े बर्तन में साबूदाना, उबले मैश किए आलू, दरदरी मूंगफली, हरी मिर्च, अदरक, सेंधा नमक, काली मिर्च और हरा धनिया डालें. सभी चीजों को हाथ से अच्छी तरह मिलाकर आटे की तरह गूंथ लें.

हाथों में थोड़ा सा तेल या पानी लगाएं और मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां लेकर टिक्की (वड़े) का शेप दें. ध्यान रखें कि वड़े के किनारों पर क्रैक्स (दरारें) न हों.

कड़ाही में तेल/घी को तेज गर्म करें. अब वड़ों को एक-एक करके तेल में डालें.

वड़ा डालने के तुरंत बाद उसे चम्मच से न छुएं, वरना वह टूट जाएगा. 1-2 मिनट बाद जब नीचे की सतह हल्की सुनहरी हो जाए, तब आंच को मध्यम करें और पलटकर दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक तलें.

गरमा-गरम कुरकुरे साबूदाना वड़ों को तैयार हरी चटनी के साथ सर्व करें.

---- समाप्त ----