
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता.
दिल्ली सरकार राजधानी में आधुनिक ई-कैबिनेट प्रणाली लागू करेगी. इसी दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के विशेषज्ञों के साथ विस्तृत चर्चा की है. बैठक में ऐसी डिजिटल व्यवस्था पर विचार किया गया, जिसके माध्यम से दिल्ली सरकार की कैबिनेट बैठकों की पूरी प्रक्रिया कागज रहित (पेपरलेस), अधिक सुरक्षित, तेज और पारदर्शी बनाई जा सके.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का मानना है कि दिल्ली सरकार प्रशासनिक सुधारों और सुशासन के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है. ई-कैबिनेट जैसी व्यवस्था लागू करने से कैबिनेट बैठकों से जुड़ी पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा सकेगी. इससे निर्णय लेने की गति बढ़ेगी, गोपनीय दस्तावेज़ों की सुरक्षा मजबूत होगी और विभागों के बीच समन्वय भी अधिक प्रभावी बनेगा.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में शासन-प्रशासन में तकनीक का प्रभावी उपयोग समय की आवश्यकता है. दिल्ली सरकार का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें सरकारी प्रक्रियाएं सरल हों, निर्णय तेजी से लिए जा सकें और उनके क्रियान्वयन की लगातार निगरानी भी संभव हो. ई-कैबिनेट प्रणाली के माध्यम से कैबिनेट बैठकों से जुड़े सभी दस्तावेज जैसे कैबिनेट नोट्स, बैठक का एजेंडा, उससे जुड़े संलग्न दस्तावेज (एनेक्सर), कैबिनेट के निर्णय और बैठक की कार्यवाही (मिनट्स), सुरक्षित डिजिटल माध्यम से तैयार, साझा और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाए जा सकेंगे.
गोपनीय जानकारी की सुरक्षा होगी मजबूत
उन्होंने कहा कि इस प्रणाली की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें प्रत्येक मंत्री और अधिकारी को उसकी जिम्मेदारी के अनुसार अलग-अलग स्तर की डिजिटल पहुंच दी जा सकती है. मंत्री, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, विभागीय सचिव जैसे सभी अधिकृत अधिकारी केवल अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित दस्तावेज देख सकेंगे. इससे गोपनीय जानकारी की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था में कैबिनेट नोट्स जमा करने, उनकी जांच करने, मंजूरी देने, संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और भविष्य के लिए सुरक्षित रिकॉर्ड के रूप में संरक्षित करने जैसी पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा सकती है. इससे अनावश्यक देरी कम होगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी.
इस व्यवस्था से होगा लाभ, जवाबदेही बढ़ेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट बैठकों के दौरान इस प्रणाली का सुरक्षित उपयोग टैबलेट के माध्यम से भी किया जा सकता है. इससे मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी बैठक के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज तुरंत देख सकेंगे और निर्णय प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी. इस प्रकार की व्यवस्था का एक बड़ा लाभ यह भी है कि कैबिनेट के किसी भी निर्णय के बाद संबंधित विभागों द्वारा उस पर की जा रही कार्रवाई की लगातार निगरानी की जा सकती है. इससे निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी और जवाबदेही भी बढ़ेगी.
कैबिनेट फाइलों की आवश्यकता होगी समाप्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी डिजिटल व्यवस्था लागू होने से कागज आधारित कैबिनेट फाइलों की आवश्यकता लगभग समाप्त हो जाएगी. कैबिनेट प्रस्तावों के निस्तारण में कम समय लगेगा, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी, गोपनीय दस्तावेज अधिक सुरक्षित रहेंगे, कैबिनेट के निर्णयों को तेजी से लागू करने और उनकी निगरानी करने में सुविधा होगी और प्रिंटिंग और दस्तावेजों के रखरखाव पर होने वाला खर्च भी कम किया जा सकेगा. बैठक के दौरान विशेषज्ञों ने देश के विभिन्न राज्यों में लागू ई-कैबिनेट प्रणाली के अनुभवों और उसकी कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया.
डिजिटल व्यवस्था का उपयोग कई राज्यों में सफल
उन्होंने बताया कि ऐसी डिजिटल व्यवस्था का उपयोग कई राज्यों में सफलतापूर्वक किया जा रहा है और इससे शासन-प्रशासन में गति, दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने में सकारात्मक परिणाम मिले हैं. दिल्ली सरकार भी सर्वोत्तम उपलब्ध तकनीकी समाधानों का अध्ययन करते हुए राजधानी में आधुनिक, सुरक्षित और नागरिक हितों के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है.
बेहतर प्रशासनिक निर्णयों से जनता को होगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण करना नहीं, बल्कि शासन को अधिक तेज, पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना है। तकनीक के माध्यम से लिए गए बेहतर प्रशासनिक निर्णयों का सीधा लाभ दिल्ली के नागरिकों तक पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता है.

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More